रितेश देशमुख और जेनेलिया की जोड़ी बॉलीवुड में सबसे प्यारी क्यूट जोड़ी के रूप में मशहूर है. साथ ही उनके दुलारे संस्कारी बेटों की भी ख़ूब चर्चा होती है. अपने बड़े बेटे के जन्मदिन पर जेनेलिया-रितेश ने बेहद इमोशनल नोट्स के साथ रियान को जन्मदिन की बधाई दी. जहां जेनेलिया ने बेटे के जन्म के समय की अपने मदरहुड से जुड़ी भावुक बातों को शेयर किया, वहीं रितेश ने पिता कम दोस्त व प्रतिद्वंदी के रूप में रियान से जुड़ी दिल को छू लेनेवाली भावनाओं को साझा किया.
जेनेलिया ने अपने सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रियान के साथ-साथ छोटे बेटे रिहाल की कई फोटोज़ पोस्ट कीं. हर तस्वीर मां-बेटे, बच्चों की प्यारी कहानी बयां करती नज़र आई.
यह भी पढ़ें: बोल्ड एंड ब्यूटीफुल ज़ीनत अमान रही हैं ट्रेंड सेटर (The bold and beautiful Zeenat Aman has been a trendsetter)
रियान को बर्थडे विश नोट में वे कहती हैं-
मुझे 24 नवंबर की वह रात आज भी याद है.
मैं प्रेग्नेेंसी के आख़िरी दौर में थी और मुझे बताया गया था कि मेरा बच्चा 25 नवंबर को आएगा. तब तो मुझे इसके मायने भी नहीं पता थे.
उस रात, मैं तुम्हारे बाबा (रितेश देशमुख) की बांहों में रोई, क्योंकि मुझे कोई अंदाज़ा नहीं था कि आगे क्या होने वाला है.
फिर 25 नवंबर आया… और एक नन्हे बच्चे का जन्म हुआ, और साथ ही एक मां का भी. काश मैं तुम्हें समझा पाती रियान कि यह दिन मेरे लिए क्या मायने रखता है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि मैं कभी ऐसा कर पाऊंगी. क्योंकि यह मेरी ज़िंदगी का, और तुम्हारे बाबा की ज़िंदगी का भी, सबसे अहम् दिन है- 25 नवंबर, 2014.
मेरे प्यारे बच्चे, मैं बस इतना चाहती हूं कि तुम यह जान लो कि ज़िंदगी तुम्हें चाहे कहीं भी ले जाए, मैं हमेशा तुम्हारे साथ हूं.
जन्मदिन मुबारक हो मेरे बेटे!
तुमने मुझे आई (मां) का दर्जा दिया है- और मैं अपनी बाकी की ज़िंदगी इसे निभाने व जीने में बिता दूंगी.

जेनेलिया इस पोस्ट पर सेलेब्स और फैंस ने जमकर कमेंट्स किए. हर किसी ने अपने-अपने तरी़के से रियान को जन्मदिन की बधाइयां दीं.
शब्बीर अहलूवालिया ने तो दो हार्ट इमोजी के साथ कहा- हैप्पी बर्थडे डॉर्लिंग रियान… इस पर जेनेलिया ने भी मज़ेदार जवाब दिया. उन्होंने भरसक कोशिश की कि बधाई देने वाले अधिक से अधिक लोगों का आभार व्यक्त कर सकें.
रितेश देशमुख ने भी एहसास के समंदर में गोते लगाते हुए ढेर सारी प्यार भरी बातें कहीं. बाबा-बेटे की बॉन्डिंग भी गज़ब की रही है. रितेश ने इंस्टा पर कई फोटोज़ शेयर कीं, जिनमें बहुत सारी उनकी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ की थीं.
रितेश ने इस फिल्म में अभिनय के साथ-साथ पार्शली लेखन और निर्देशन भी किया. और इसी फिल्म से छोटे शिवाजी की भूमिका में रियान ने भी फिल्मी दुनिया में कदम रखा. फिल्म की शूटिंग के दरमियान ही लोगों ने दोनों की ख़ूबसूरत ट्यूनिंग को देखा. बेटे ने भी फिल्म में प्रभावशाली अभिनय किया और वाहवाही लूटी.
रितेश देशमुख बेटे को संबोधित करते हुए कहते हैं-
माय डार्लिंग रियान,
तुम्हें बड़ा होते हुए देखना मेरे जीवन की सबसे बड़ी ख़ुशी रही है. हर सुबह जब मैं उठता हूं तो सोचता हूं कि आज तुम मुझे कौन सी ऐसी नई बात बताओगे, जो शायद मुझे न पता हो. हां, भले ही इसमें वो अजीब सा संगीत और आजकल की नई भाषा शामिल हो, पर इसे देखकर भी मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है, क्योंकि ये तुम हो! तुम बहुत प्यारे हो, तुम्हारी हाजिरजवाबी का कोई जवाब नहीं. और जिस तरह से तुम मेरी टांग खींचते हो, उस पर मेरे पास कोई जवाब ही नहीं बचता. सच कहूं तो मैं इसमें कुछ भी नहीं बदलना चाहूंगा.
तुम जहां भी जाते हो, उस जगह को और मेरे दिल को भी हंसी-ख़ुशी से भर देते हो. मुझे बहुत अच्छा लगता है कि तुम मुझे अपना कॉम्पिटिटर मानते हो और हमेशा मुझे हराने की कोशिश करते हो. मैं तुम्हारे लिए इसे आसान तो नहीं बनाऊंगा, लेकिन एक बात याद रखना, जिस दिन तुम जीतोगे, उस दिन दुनिया में मुझसे ज़्यादा ख़ुश कोई और नहीं होगा. तुमसे हारना मेरे लिए सबसे गर्व की बात होगी.
माझ्या आयुष्याच प्रेम आणि अभिमान रिआन, वाढदिवसच्या खूप खूप शुभेच्छा बेटा!! (मेरे जीवन का प्यार और अभिमान रियान, जन्मदिन की बहुत-बहतु शुभकामनाएं बेटा!!)

इस तरह पैरेंट्स ने बेटे पर ढेर सारा प्यार लुटाया. रियान को जन्मदिन की बधाइयां व शुभकामनाएं!
जेनेलिया इमरान हाशमी के साथ ‘गनमास्टर जी9’ मूवी में दिखाई देंगी, जिसमें काम करने के लिए पतिदेव रितेश ने ही उन्हें मनाया था. रितेश देशमुख ‘रेपो23’ मूवी से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं. राम पोथिनेनी के साथ अभिनय के अलावा निर्देशन भी करेंगे. अगले साल उनकी मनोरंजन से भरपूर कॉमेडी मूवी ‘मालामाल वीकली 2’ भी आएगी.
