श्रेयस तलपड़े (Shreyas Talpade) बॉलीवुड के टैलेंटेड एक्टर्स में से एक हैं. उन्होंने अपने टैलेंट के दम पर हिंदी और मराठी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई है. हालांकि यहां तक पहुंचने के लिए उन्हें स्ट्रगल भी बहुत करना पड़ा. हाल ही में फराह खान के यूट्यूब चैनल पर श्रेयस ने अपने स्ट्रगल के दिनों को याद किया और बताया कि किस तरह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) और फराह (Farah Khan) की वजह से वो अपना पहला घर खरीद पाए.

फराह खान इस बार अपने यूट्यूब व्लोग (Farah Khan's YouTube channel) के लिए श्रेयस तलपड़े के घर पहुंची थीं, जहां श्रेयस ने फ़िल्म 'ओम शांति ओम' (Om Shanti Om) के दिनों को याद किया. हालांकि इस फ़िल्म से पहले भी श्रेयस कई फिल्में कर चुके थे, लेकिन उन्हें वो पहचान नहीं मिल पाई थी जो 'ओम शांति ओम' से मिली थी. इस फ़िल्म से पहले उनका अपना घर भी नहीं था, लेकिन इस फ़िल्म की वजह से वो अपना घर ले पाए.

उन दिनों को याद करते हुए श्रेयस ने फराह से कहा, "आपको पता है आपकी वजह से मेरी ज़िंदगी का ये पहला घर बन पाया. आपकी फ़िल्म 'ओम शांति ओम' से मेरा ये सपना पूरा हो पाया. आज भी मैं शाहरुख खान को ये घर के खरीदने का क्रेडिट देता हूं."

श्रेयस तलपड़े ने (Shreyas Talpade on Shah Rukh Khan) आगे कहा, "मैं बैंक गया था होम लोन के लिए. लेकिन तब मैं बैंक से लोन लेने के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाया. बैंक में जो महिला थी, उसने मुझसे पूछा कि आप कौन सी फिल्म कर रहे हैं? मैंने उन्हें बताया कि मैं ओम शांति ओम नाम की फिल्म कर रहा हूं. उन्होंने पूछा कि उसमें कौन हैं? मैंने कहा शाहरुख खान. फिर उन्होंने मुझसे कि डायरेक्टर कौन है, मैंने बताया कि फराह खान. तो उसने कहा आप इनसे मुझे एक लेटर दिलवा सकते हैं."

श्रेयस ने आगे बताया, "बैंक से लौटकर मैंने फराह खान को फोन करके सारी बात बताई. और उन्होंने दो दिनों में मुझे शाहरुख खान से लेटर दिलवा दिया और उसी शाम मेरा लोन मंजूर हो गया. इसलिए मेरे पहले घर का क्रेडिट शाहरुख खान और फराह को देता हूं." श्रेयस की बात सुनकर फराह खुश हो गईं. उन्होंने कहा, "मुझे ये सब याद तो नहीं, पर मैं बहुत खुश हूं. हमने तुम्हें उस फिल्म के लिए कितने ही पैसे दिए होंगे. तुम्हारा ये घर बहुत ही प्यारा है."

बता दें रेड चिली एंटरटेनमेंट बैनर तले बनी 'ओम शांति ओम' को फराह खान ने डायरेक्ट किया था. इस फ़िल्म में शाहरुख डबल रोल में थे, जबकि दीपिका पादुकोण ने इस फ़िल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया था. फ़िल्म में श्रेयस तलपड़े का भी अच्छा रोल था. 2007 में रिलीज़ हुई ये फ़िल्म उस साल की सुपर डुपर हिट फ़िल्म साबित हुई. इस फ़िल्म से श्रेयस तलपड़े का करियर भी चमक गया था.
