Close

काम की तलाश में हैं जोश एक्टर शरद कपूर, इमोशनल होकर बॉलीवुड से मांगी मदद, कभी एक्स सीएम की पोती से की थी शादी, सेक्सुअल हैरेसमेंट के लग चुके हैं आरोप (Josh actor Sharad Kapoor appeals for work after leg injury, Once actor was married to Ex CM’s grand daughter, Has faced sexual harassment allegation)

कभी अपने हैंडसम लुक और दमदार निगेटिव किरदारों से दर्शकों का ध्यान खींचने वाले एक्टर शरद कपूर (Sharad Kapoor) एक बार फिर सुर्खियों में हैं. उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल (Sharad Kapoor’s viral video) हो रहा है, जिसमें वह ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे हैं और चलने के लिए वॉकर का सहारा ले रहे हैं. शरद की हालत देखकर फैंस परेशान हो गए हैं और उनके बारे में जानना चाह रहे हैं कि इतने सालों तक वो गुमनामी के अंधेरे में कहां खोए रहे.

 फिल्म ‘जोश’ में शाहरुख खान के सामने विलेन का किरदार निभाकर पॉपुलर होनेवाले शरद कपूर कभी जवां दिलों की धड़कन हुआ करते थे. 40 से ज़्यादा फिल्मों में काम कर चुके शरद कपूर की पर्सनल लाइफ किसी फ़िल्मी कहानी से कम नहीं है. उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से शादी की थी. हालांकि उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को हमेशा लाइमलाइट से दूर ही रखा.

2024 में शरद कपूर एक बार फिर तब चर्चा में आए जब एक महिला ने उन पर सेक्सुअल हरेसमेन्ट के आरोप लगाए. उस महिला का आरोप था कि शरद ने उन्हें फिल्म प्रोजेक्ट और काम के सिलसिले में बातचीत करने के बहाने अपने घर बुलाया और छेड़छाड़ की कोशिश की. हालांकि इस केस में कुछ साबित नहीं हो पाया, लेकिन शरद कपूर को लेकर कुछ दिनों तक कॉन्ट्रोवर्सी बनी रही.

उनका फ़िल्मी करियर भी धीरे- धीरे खत्म होता गया, क्योंकि उन्हें फिल्में आफर होना ही बंद हो गईं, जिसकी वजह से वो लाइमलाइट से दूर होते गए. इसके बाद उन्होंने बिज़नेस की दुनिया में कदम रखा. मुंबई और बेंगलुरु में उनके रेस्टोरेंट भी हैं. अब उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे अपने चार पालतू कुत्तों से विदा ले रहे हैं और बेहद इमोशनल दिखाई दे रहे हैं. कभी अपनी फिटनेस के लिए मशहूर शरद कपूर इस वीडियो में बीमार से दिख रहे हैं और चलने के लिए वॉकर का सहारा ले रहे हैं. एक्टर ने बताया कि फुटबॉल खेलते समय उनके पैर में चोट लग गई थी जिसकी वजह से वो वॉकर की सहायता से चल रहे हैं.

शरद कपूर ने ये भी बताया कि उन्हें काम की तलाश (Sharad Kapoor appeals for work) है. उन्होंने कहा, “मैं अच्छे काम की तलाश में हूं. और, मुझे आपके सपोर्ट की जरूरत है. मैं एक अच्छा एक्टर हूं और आप इस बात को अच्छी तरह जानते हैं. पैसे कोई मुद्दा नहीं है, मुद्दा सिर्फ यह है कि… मैं बस फिर से काम शुरू करने का इंतजार कर रहा हूं, मैं दोबारा काम शुरू करना चाहता हूं. मैं जानता हूं कि आपने हमेशा अपने आसपास के लोगों का सपोर्ट किया है. इसलिए मैं आपका बहुत-बहुत आभारी रहूंगा, अगर आप मेरा सपोर्ट कर सकें.”

शरद कपूर का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है और अचानक से सभी लोग उनकी ही बातें करने लगे हैं और उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं और उन्हें दोबारा पर्दे पर देखने की इच्छा जाहिर कर रहे हैं.

Share this article