‘पंचायत’ वेब सीरीज़ फेम दीपक कुमार मिश्रा की ‘द वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ में आस्था, विश्वास, रहस्य, फैंटेसी, कॉमेडी व थ्रिलर सब कुछ है. सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, मनीष पॉल, सुलभा आर्य, श्वेता तिवारी, अनूप सोनी और सुनील ग्रोवर हर किसी ने अपनी भूमिका के साथ न्याय किया है.

कहानी बस इतनी सी है कि इंजीनियर सिद्धार्थ अपनी पत्नी तमन्ना के साथ ख़ुशहाल ज़िंदगी बिता रहे हैं. लेकिन दोनों के जीवन मैं एक बच्चे की कमी है. वे आईवीएफ ट्राई करना चाहते हैं, पर पैसों की भी तंगी है. परिस्थितियों कुछ ऐसी बनती है कि अपने हिस्से की ज़मीन बेचने की खातिर सिद्धार्थ तमन्ना को लेकर अपने पैतृक गांव देवांचल आते हैं. जहां उनके भैया, अनूप सोनी और और भाभी, श्वेता तिवारी अपने बच्चों के साथ रहते हैं.
फिर शुरू होता है वन देवी के रहस्य से लेकर हास्य का पुट देते हुए दिलचस्प घटनाएं, जो रोमांच को बढ़ाते हैं. कई घटनाक्रम गुजरते हैं, जिसमें है छठ मैया की पूजा, वन देवी की आस्था और लालची क़िस्म के लोगों की विकृत मानसिकता. सिद्धार्थ जितना इन सब से निकलने की कोशिश करते हैं उतना ही उसमें उलझते चले जाते हैं.

आख़िर क्या है वन देवी का रहस्य..? क्यों सूर्यास्त के बाद वन में प्रवेश करना निषेध है?.. कौन है जो नहीं चाहता कि इन रहस्यों से पर्दा उठे… इन तमाम जिज्ञासाओं को पूरा करने के लिए मूवी देखनी होगी.

सभी कलाकार अपनी भूमिकाओं जमे हैं. लेकिन जब जब मनीष पॉल और सुलभा आर्य की जुगलबंदी होती है हंसी के हल्के फुल्के माहौल बन जाते हैं. फिल्म का सरप्राइज़ पैकेज है सुनील ग्रोवर के रूप में. अब आप इसे कितना स्वीकार कर पाते हैं, यह तो देखने पर ही तय कर पाएंगे.
फिल्म में विजुअल इफेक्ट्स, एनीमेशन व कई दृश्यों में तकनीकों का बेहतरीन ढंग से इस्तेमाल किया गया है. वन देवी की लोक कथा, पवित्र जंगल और उसके नियम कभी डराते हैं तो कभी परेशान कर देते हैं. बिहार के पटना के क़रीब बिहटा स्थित वन देवी मंदिर से जुड़ी लोककथाओं से प्रेरित यह फिल्म धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाती है.
दीपक कुमार के निर्देशन में गहराई है. उस पर लेखन, पटकथा और निर्देशन का तिहरा भार अरुणाभ कुमार ने भी बखूबी संभाला है. संगीत विशाल मिश्रा, अमित त्रिवेदी, तनिष्क बागची व सैम सी. का है. ख़ूबसूरत सिनेमैटोग्राफी मनु आनंद की हे.
बालाजी मोशन पिक्चर्स, टीवीएफ मोशन पिक्चर्स, विपिन अग्निहोत्री प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में निर्माताओं की भी लंबी फेहरिस्त है, जिसमें शोभा कपूर, एकता कपूर,अरुणाभ कुमार,नीरज कोठारी व विपिन अग्निहोत्री शामिल हैं. एडवेंचर्स, फैंटेसी, मिस्ट्री और थ्रिलर से भरपूर ‘द वन- फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ लोगों को किस हद तक पसंद आई, यह तो जल्द ही पता लग जाएगा. शेष फिर…

Photo Courtesy: Social Media

