“अब तुम लिखती तो हो ‘महिला सशक्तिकरण’ और ख़ुद के नाम के साथ पति का नाम जोड़कर अपना अस्तित्व ही मिटा लिया. वैसे ‘सुरभि’ नाम तो तुम्हारेमां-पापा का ही रखा हुआ है ना. या ये भी समीर के नाम के साथ मिलाने के चक्कर में ही रख लिया!”
जब भी समीर के सहकर्मियों की पार्टी में जाना हो सुरभि का बड़बड़ाना शुरू हो जाता था. वो ख़ुद को उस माहौल में सहज करने की बहुत कोशिश करती थी, लेकिन समीर के दोस्तों की बीवियों की बातें अक्सर गहने कपड़े और पति की शिकायतों से शुरू होकर महिला अधिकारियों के चर्चे पर ख़त्म हो जाती थीं, जिसमें उसकी कोई रुचि नहीं थी.
आज जैसे ही सुरभि पार्टी में पहुंची, मिसेज शर्मा ने उसका अभिवादन करते हुए कहा, “आइए-आइए ‘सुरभि समीर’ हम तो कब से आपकी प्रतीक्षा कर रहे थे!”
मिसेज शर्मा उसे अपने अन्य मेहमानों से मिलाने लगीं तब तक एक महिला ने आगे बढ़ कर कहा, “अरे, आप तो सुरभि समीर जी हैं ना! मैं तो आपकी बहुत बड़ी फैन हूं. नाट्यगृह में परसों ही आपका नाटक ‘विद्रोहिणी’ देखा. क्या अदाकारी करती हैं आप. सुना है उस नाटक को लिखा भी आपने ही था. उसके ज़रिए महिलाओं को कितना सुंदर संदेश दिया है आपने. अगर महिलाएं ख़ुद को कमज़ोर न समझें तो उनकी परेशानियां स्वतः समाप्त हो जाएं.”
तब तक मिसेज शर्मा ने कहा, “वैसे लिखने, बोलने और करने में बहुत फ़र्क़ होता है ना सुरभि!”
“जी मैं समझी नहीं.”
“अब तुम लिखती तो हो ‘महिला सशक्तिकरण’ और ख़ुद के नाम के साथ पति का नाम जोड़कर अपना अस्तित्व ही मिटा लिया. वैसे ‘सुरभि’ नाम तो तुम्हारे मां-पापा का ही रखा हुआ है ना. या ये भी समीर के नाम के साथ मिलाने के चक्कर में ही रख लिया!”
“जी भाभी, सुरभि ही मेरा असली नाम है. रही बात पति का नाम साथ में जोड़ने की तो आपको ऐसा क्यों लगता है, इसमें मेरा अस्तित्व ख़त्म हो गया. प्रकृति की रचना ही मिलन से हुई है. दो तत्व मिलकर यौगिक बनते हैं. मिलन तो नव निर्माण का द्योतक है. एक दूसरे के प्रति समर्पण ही प्रेम को जन्म देता है. समीर से मिलने के बाद सुरभि की व्यापकता और बढ़ गई है. समीर के प्रेम ने सुरभि के अंदर छिपे गुणों को ठीक उसी तरह फैलाया है जैसे इत्र की ख़ुशबू शीशे के जार से निकलने पर फैलती है. अब आप बताइए जो समीर मेरे अस्तित्व को औरनिखार रहा है उसके नाम के साथ जुड़कर मेरा विलय कैसे सम्भव है!”
तथाकथित नारीवादी आंदोलन की समर्थकों के मुंह पर ताला लग गया था और पीछे खड़ा समीर पनी सुरभि की बातें सुनकर भीगी आंखों के साथ मुस्कुरा रहा था.
– पल्लवी विनोद
यह भी पढ़ें: ये राशि वाले होते हैं बेहद इमोशनल (People of these zodiac signs are extremely emotional)
अधिक कहानियां/शॉर्ट स्टोरीज़ के लिए यहां क्लिक करें – SHORT STORIES
Photo Courtesy: Freepik
