कहते हैं इंसान जीवन से नहीं, बल्कि भावनाओं से एक-दूसरे से जुड़े होते हैं. ये भावनाएं ही तो होती हैं, जो एक इंसान को दूसरे इंसान से जोड़ती हैं. आइए जानते हैं, कौन सी हैं वो राशियां, जिनके जातक बहुत जल्दी इमोशनल हो जाते हैं.
कैसा होगा साल २०२७ आपके लिए- प्यार, पैसा, शादी… जानें सब कुछ मेरी सहेली के इस पॉडकास्ट में.. पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें –
कर्क
इस राशि के लोग संवेदनशील, केयरिंग, रोमांटिक, चंचल और मूडी होते हैं. बाहर से भले ही ये सख़्त नज़र आते हैं, लेकिन अंदर से ये नारियल की तरह नरम होते हैं. ये दूसरों की भावनाओं को इतना तवज्जो देते हैं कि ख़ुद परेशानी झेलने के लिए तैयार रहते हैं. इस राशि का स्वामी ग्रह चन्द्रमा है, इसलिए चन्द्रमा की तरह इनका मूड भी बदलता रहता है. बहुत अधिक भावुक होने के कारण कभी-कभी मुश्किल हालात से बाहर निकलने में इन्हें बाकी राशियों के मुक़ाबले ज़्यादा वक़्त लग जाता है. इमोशनल होने के कारण ये दूसरों की ग़लतियों को आसानी से माफ़ कर देते हैं.
मीन
मीन राशि के लोग दयालु, संवेदनशील और अत्यंत उदार होते हैं. दयालु स्वभाव के कारण ये बहुत जल्दी लोगों पर विश्वास कर लेते हैं, जिसका अक्सर लोग फ़ायदा उठाते हैं. अपने स्वभाव के कारण ही ये परिवार के प्रति समर्पित रहते हैं. संवेदनशील मीन राशिवाले बाहरी दुनिया की कड़वी सच्चाई का सामना करने की बजाय कल्पनाओं की दुनिया में खोना पसंद करते हैं. यह इनका स्वभाव ही है, जिसके कारण ये दूसरों की तकलीफ़ को दूर करने की हमेशा कोशिश करते हैं. मीन राशिवाले दूसरों की दुखभरी कहानी सुनकर इमोशनल हो जाते हैं. इनके इस उदार स्वभाव के कारण ही ये बहुतों के चहेते होते हैं.
कन्या
परफेक्शन के लिए जाने जानेवाले कन्या राशि के लोग विनम्र, मृदुभाषी, दयालु और परोपकारी स्वभाव के होते हैं. इमोशनल होने के कारण ये काफ़ी केयरिंग होते हैं. परोपकारी और दयालु स्वभाव होने के कारण ये ज़्यादातर समाजसेवा चुनते हैं. परिवार को हमेशा प्राथमिकता देनेवाले इस राशि के जातक इमोशनल होते हैं. ये बहुत जल्दी किसी पर भरोसा नहीं करते. कन्या राशिवाले अपने जज़्बात जल्दी किसी के सामने ज़ाहिर नहीं करते, यही कारण है कि ये भीतर ही भीतर परेशान होते रहते हैं. बहुत संवेदनशील होने के कारण परिवार में आनेवाली छोटी-मोटी परेशानियों से भी घबरा जाते हैं.
सिंह
सिंह राशि के लोग आकर्षक, शक्तिशाली, महत्वाकांक्षी और दयालु होते हैं. ये हमेशा ही सभी के आकर्षण का केंद्र बने रहना पसंद करते हैं, लेकिन अगर चीज़ें इनके मन मुताबिक़ न हों, तो इन्हें बहुत बुरा लगता है. किसी के सामने अपनी भावनाओं को व्यक्त करने में इस राशि के जातक बिल्कुल हिचकिचाते नहीं. प्रेम और सद्भावना इनकी रगों में बहती है, इसलिए दूसरों के दुख को देखकर ये भी दुखी हो जाते हैं. संवेदनशील स्वभाववाले ये जातक अपने चाहनेवालों के लिए कुछ भी कर गुज़रते हैं. ग़लती से भी इनके आत्मसम्मान को चोट मत पहुंचाना, वरना दयालु होने के बावजूद ये आपकी खटिया खड़ी कर सकते हैं.

Photo Courtesy: Freepik
