तमन्ना भाटिया (Tamannaah Bhatia) और सिद्धार्थ मल्होत्रा (Sidharth Malhotra) की अपकमिंग फिल्म द वन (The Vvaan) का गाना ‘छठी मइया…’ (Chhathi Maiya…) रिलीज़ हो चुका है और इस गाने ने रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है. फैंस खासकर बिहार की जनता की खुशी इस गाने को देखने के बाद से ही चरम पर है. फैंस को जब से पता चला था कि फ़िल्म में छठ पूजा भी दिखाई जाएगी और छठी मइया पर गाना भी होगा, तभी से फैंस इस गाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, आखिरकार उनका इंतजार खत्म हुआ.

इस गाने के जरिए पहली बार बड़े पर्दे पर बिहार और पूर्वांचल के महापर्व छठ पूजा की भव्यता और आस्था को दिखाया गया है. इस गाने में तमन्ना भाटिया लाल साड़ी, मांग में लंबा सिंदूर, हाथ में पूजा की थाली लिए देसी बिहारी लुक में बेहद खूबसूरत नजर आ रही हैं. गाने में शाम को अर्घ्य देने से लेकर सुबह की पूजा तक, छठ पूजा की सभी रस्में दिखाई गई हैं. गाने में एक जगह सिद्धार्थ मल्होत्रा तमन्ना की कोसी भरते नज़र आ रहे हैं.

इस गाने की शूटिंग करने से पहले तमन्ना भाटिया ने खास तैयारियां की थीं. शूटिंग से पहले उन्होंने छठ पूजा की रस्मों, इसके महत्व और बिहार-पटना में इसे मनाने की परंपरा को समझा. एक्ट्रेस ने कहा कि “छठी मैया के साथ मैंने जो कनेक्शन महसूस किया, उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता.”

सिद्धार्थ और तमन्ना ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर भी ये गाना शेयर किया है. कैप्शन में तमन्ना ने लिखा, “हर आराध्य में आस, हर आस में छठी मइया का विश्वास…’ फैंस इस गाने को देख-सुनकर ख़ुश हो गए हैं और जय छठी मइया का जयकारा लगा रहे हैं.

‘छठी मैया’ गाने को मशहूर संगीतकार विशाल मिश्रा (Vishal Mishra) ने कंपोज किया है और अपनी आवाज भी दी है. गाने के बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं, जबकि कोरियोग्राफी चिन्नी प्रकाश ने किया है.

‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ एक सुपरनेचुरल थ्रिलर है, जिसमें तमन्ना के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा पहली बार स्क्रीन शेयर करते नज़र आएंगे. फिल्म का डायरेक्शन पॉपुलर वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ के दीपक कुमार ने किया है. शोभा कपूर और एकता कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स ने फ़िल्म को प्रोड्यूस किया है. फ़िल्म 25 सितंबर को थिएटर में रिलीज़ होगी.

