नीना गुप्ता (Neena Gupta) और लीजेंड क्रिकेटर विव रिचर्ड्स (Viv Richards) की बेटी मसाबा गुप्ता (Masaba Gupta) आज इंडिया की लीडिंग फैशन डिज़ाइनर हैं और दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई है. फैशन वर्ल्ड में नाम कमाने के बाद मसाबा ने 'मसाबा मसाबा' (Masaba Masaba) में एक्टिंग भी की, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि मसाबा फैशन डिज़ाइनर नहीं, बल्कि फ़िल्म हीरोइन बनना चाहती थीं, लेकिन मां नीना गुप्ता ने उन्हें एक्ट्रेस बनने से रोका. इस बात का खुलासा खुद नीना गुप्ता ने हाल ही में किया.

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान नीना गुप्ता ने बताया कि कैसे मसाबा (Neena Gupta on Masaba Gupta) भी एक्ट्रेस बनने के ख्वाब देखने लगी थीं, लेकिन उन्होंने बेटी को समझाया कि उनमें एक्ट्रेस वाली क्वालिटीज़ नहीं हैं. नीना गुप्ता ने बताया, "ये उसका डिसीजन नहीं था. ये यूं ही हो गया. हालात ही ऐसे थे. मसाबा आसपास के लोगों से इंस्पायर्ड थी, वो भी उनकी तरह ही बनना चाहती थी. मैंने उसे समझाया, "देखो तुम्हारा लुक वैसा नहीं है. तुम्हारी बॉडी वैसी नहीं है. तुम्हें हिंदी फिल्मों में हीरोइन का रोल नहीं मिलेगा क्योंकि तुम हीरोइन जैसी नहीं लगती. इनफैक्ट तुम हिंदी फिल्मों की हीरोइन जैसी लगती ही नहीं."

नीना ने बाद में मसाबा को एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने और कैरेक्टर रोल करने के लिए प्रोत्साहित किया. मसाबा ने नेटफ्लिक्स पर 'मसाबा मसाबा' से एक्टिंग में डेब्यू किया. इस वेब सीरीज़ में उन्होंने खुद अपना ही रोल निभाया था. इसमें नीना गुप्ता ने उनकी मां का रोल किया था.

नीना गुप्ता ने बताया कि बेटी की एक्टिंग देखकर वह इमोशनल हो गई थीं. "उसकी एक्टिंग देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए. वह इतनी अच्छी एक्टर है. उसकी एक्टिंग इतनी नेचुरल थी. मैं दंग रह गई. वह बिल्कुल एक प्रोफेशनल जैसी थी."

डेब्यू के बाद मसाबा ने प्राइम वीडियो की एंथोलॉजी 'मॉडर्न लव: मुंबई' में एक सेगमेंट के साथ अपने अभिनय करियर को और आगे बढ़ाया. पिछले साल उन्होंने 'केसरी चैप्टर 2' में एक डांस नंबर भी किया था. इसके अलावा वो मशहूर फैशन डिजाइनर तो हैं ही.

नीना गुप्ता की बात करें तो वो जल्द ही ‘वध 2’ में नजर आएंगी. इस फिल्म में उनके साथ संजय मिश्रा नजर आएंगे. यह क्राइम थ्रिलर 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
