Close

गुरु नानक जयंती पर विशेष: मनुष्य होने का अर्थ (The meaning of being human)

किसी भी महान व्यक्ति की प्रासंगिकता इस बात से तय नहीं होती कि उसके जन्मदिन पर कितने आयोजन हुए, कितनी मालाएं चढ़ाई गईं या कितने लोग उसके आगे नतमस्तक हुए. उसकी प्रासंगिकता इस बात में होती है कि सदियों बाद भी उसकेविचार हमारे समय के सवालों का जवाब दे पा रहे हैं या नहीं. गुरु नानक देव जी को याद करते हुए सबसे पहले यही बात मन में आती है.

गुरु नानक उस दौर में सामने आए जब समाज अनेक तरह के विभाजनों में बंटा हुआ था. जाति और ऊंच-नीच के भेद थे, धार्मिक आडंबर थे और मनुष्य की पहचान उसके भीतर के गुणों से अधिक उसकी सामाजिक हैसियत से तय होती थी. ऐसे समय में उन्होंने मनुष्य को मनुष्य की तरह देखने की बात कही. यह बात कहने में जितनी सहज लगती है, उसे स्वीकार करना और अपने जीवन  में उतारना उतना ही कठिन है.

उनकी शिक्षाओं में एक विशेष बात थी. उन्होंने मनुष्य को दुनिया छोड़कर किसी दूसरी दुनिया की तलाश करने के लिए नहीं कहा, बल्कि इसी दुनिया में रहते हुए अपने जीवन को बेहतर बनाने का रास्ता दिखाया.

ईमानदारी से कमाना, अपने हिस्से में से दूसरों के साथ बांटना और हर इंसान को बराबरी का सम्मान देना. ये तीन बातें केवल धार्मिक उपदेश नहीं, एक बेहतर समाज की बुनियादी शर्तें हैं.

यह भी पढ़ें: जानें गणेश जी को प्रसन्न करने और मनोकामना पूरी करने के उपाय…(How To Get Blessings Of Lord Ganesha)

गुरु नानक की इसी सोच का एक सुंदर विस्तार लंगर की परंपरा में दिखाई देता है. एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन करते अनजान लोग, जिनकी जाति, भाषा, आर्थिक स्थिति और सामाजिक पहचान अलग-अलग हो

सकती है, लेकिन उस पंक्ति में किसी का स्थान किसी से ऊंचा नहीं होता. वहां भोजन केवल भूख मिटाने का माध्यम नहीं रह जाता, वह बराबरी का एक जीवंत अनुभव बन जाता है. यह परंपरा हमें बताती है कि समानता पर लंबे भाषण देने से कहीं अधिक ज़रूरी है उसे अपने व्यवहार में जगह देना.

आज हमारा समय भी विरोधाभासों से भरा है. हम तकनीक के सहारे दुनिया के किसी भी कोने तक पहुंच सकते हैं, लेकिन कई बार अपने आसपास के व्यक्ति की तकलीफ़ से अनजान बने रहते हैं. हमारे पास विचार व्यक्त करने के अनगिनत माध्यम हैं, मगर दूसरों की बात धैर्य से सुनने का धैर्य कम होता जा रहा है.

धार्मिक पहचानें‌ पहले से अधिक मुखर हैं, लेकिन क्या हमारे व्यवहार में करुणा भी उसी अनुपात में बढ़ी है? यह सवाल हमें अपने भीतर झांकने के लिए मजबूर करता है.

गुरु नानक की वाणी का एक बड़ा पक्ष यह भी हैकि वह मनुष्य को बाहरी दिखावे से हटाकर उसके भीतर की सच्चाई की ओर ले जाती है. ईश्वर की खोज केवल पूजा-पाठ या कर्मकांड तक सीमित नहीं है. वह हमारे आचरण में भी दिखाई देनी चाहिए. हम किसी कमज़ोर व्यक्ति के साथ कैसा व्यवहार करते हैं, अपने काम में

कितनी ईमानदारी बरतते हैं और दूसरों के अधिकारों का कितना सम्मान करते हैं, शायद यही हमारी आध्यात्मिकता की असली परीक्षा है.

गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मनाना इसलिए भी अर्थपूर्ण है कि यह हमें अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी के कुछ छोटे-छोटे फ़ैसलों पर दोबारा विचार करने का अवसर देता है. क्या हम किसी व्यक्ति को उसकी हैसियत से आंकना बंद कर सकते हैं? क्या अपने हिस्से की सुविधा में से थोड़ा-सा हिस्सा किसी ज़रूरतमंद के लिए निकाल सकते हैं? क्या अपने मत से असहमत व्यक्ति को भी सम्मान दे सकते हैं? इन सवालों के जवाब किसी आयोजन में नहीं, हमारे व्यवहार में मिलेंगे.

शायद किसी महान विचार का प्रकाश यही होता है कि वह समय बीतने के साथ धुंधला पड़ने की बजाय हमारी कमियों को और साफ़ दिखाने लगे. गुरु नानक की शिक्षाएं आज भी हमें यही आईना दिखाती हैं.

यह भी पढ़ें: जीवन के हर पल को उत्सव बनाएं (Celebration Of Life)

इस प्रकाश पर्व पर उनके सामने सिर झुकाते हुए मन में बस इतनी सी इच्छा होनी चाहिए कि हमारे भीतर का

मनुष्य थोड़ा और जागे. हम दूसरों के लिए सहजता पैदा कर सकें. किसी के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचाएं और अपने हिस्से की ख़ुशियों में दूसरों के लिए भी जगह बना सकें.

क्योंकि किसी भी समाज की सबसे बड़ी उपलब्धि यह नहीं कि वहां कितने लोग धर्म को मानते हैं, बल्कि यह है कि वहां मनुष्य होने का अर्थ कितना बचा हुआ है.

– तेजस

Photo Courtesy: Freepik

Share this article