Close

देसी जुगाड़ से घर को रखें कूल कूल (Keep your home cool with this desi jugaad)

मौसम की ज़्यादतियां हैरान-परेशान कर देती हैं, ख़ासकर गर्मी का मौसम. इस मौसम में हर किसी की चाहत रहती है कि घर ठंडा-ठंडा, कूल-कूल रहे. पंखे-एसी का विकल्प तो है ही. लेकिन यहां पर हम आपको ऐसे-ऐसे देसी जुगाड़ बता रहे हैं, जिससे न केवल घर कूल-कूल रहेगा, बल्कि घर की ठंडक आपको सुकून भी देगी.

* घर की खिड़कियों पर खस के पर्दे लगाकर उन पर सुबह-शाम पानी छिड़कें. इससे घर में ठंडक बनी रहेगी. दरअसल, यह देसी कूलर की तरह काम करता है.

* यदि आप चाहें तो गीले सूती कपड़ों की कर्टन भी विंडो पर लगा सकते हैं. ये गर्म हवा को रोकेगा और ठंडी हवाएं खिड़की से होकर गुज़रेेंगी.

* टेबल फैन के सामने एक बाउल में ब़र्फ रख दें. इस तरह ब़र्फ की ठंडक पूरे रूम में फैल जाएगी.

* बालकनी, बरांडों, खिड़कियों आदि पर बांस का चिक लगाएं. इससे धूप सीधे घर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाती है.

* यदि घर में रोशनदान है, तो उन्हें खुला रखें, ताकि घर के अंदर की गर्म हवा बाहर निकल सके.

* ज़मीन पर ठंडे पानी से पोंछा लगाने से घर के टेम्प्रेचर में बदलाव होता है. गांवों में तो गर्मियों में कम से कम दो बार ठंडे पानी से पोंछा लगाते हैं, ताकि कमरे में ठंडक बनी रहे.

* मिट्टी के बर्तनों में पानी भरकर रखें. शाम के समय टैरेस पर इस पानी का छिड़काव करें. इस तरह दिनभर धूप से गर्म हुई छत की गर्माहट दूर होगी और ठंडक मिलेगी.  

यह भी पढ़ें: समर हेल्थ- गर्मी में होनेवाली बीमारियों से ऐसे बचें (Summer Health: How to Avoid Summer Illnesses)

* दीवारों पर क्रीपर (बेल) लगाना भी कमरे को ठंडक देने का कारगर उपाय है. इससे न केवल दीवारों का सीधे धूप से बचाव होता है, बल्कि कमरा भी कूल-कूल रहता है.

* अपने रूम के एक कोने में मिट्टी के मटके में पानी भरकर रखें. यह भी कमरे में ठंडक का एहसास देता है.

* सुबह के समय घर की खिड़की-दरवा़ज़े कुछ समय के लिए खोलकर कर रखें, ख़ासकर सुबह के समय. इससे कमरे की गर्माहट दूर होगी. इसी तरह रात के समय में भी थोड़ी देर के लिए खिड़की-दरवा़ज़े खुला रखें, ताकि दोपहर की गर्मी बाहर निकल सके. हवा के आने-जाने का यह जुगाड़ कमरे में ठंडक बनाए रखेगा.

* घर में इंडोर प्लांट भी गर्मी को दूर करने में सहायक होते हैं, विशेषकर एलोवेरा या स्नेक प्लांट. इन्हें घर में लगाएं. साथ ही घर के बाहर व आसपास भी पौधे लगाएं, जिससे वातावरण में ठंडक बनी रहेगी.  

* हल्के रंग के या स़फेद रंग के सूती पर्दो व चादरों का इस्तेमाल करें. इससे सूरज की गर्मी अंदर नहीं आएंगी और कमरा भी कूल रहेगा.

* छत पर छोटा सा बगीचा बनाना भी बेहतरीन उपाय है. पौधों से जहां हवाओं में ठंडक और शुद्धता मिलती है, वहीं टेम्प्रेचर भी कम होता है.

* टैरेस पर हीट-रिफ्लेक्टिव पेंट या फिर स़फेद चूना लगवाएं.

* शाम के समय टेबल फैन को खिड़की से बाहर की ओर करते हुए ऑन करके रखें. इससे रूम की गर्म हवा बाहर निकल सकेगी.

* जहां तक हो सके कोशिश करें कि दोपहर के समय ट्यूब लाइट्स बंद रखें, क्योंकि बल्ब/लाइट्स से भी कमरे में अधिक गर्मी बढ़ती है.

* खिड़की के बाहर की ओर से एक मोटी चादर लगाकर स्प्रे बॉटल से उस पर पानी छिड़कें. इससे जब हवा पानी से भीगी चादर से होकर गुज़रते हुए अंदर आएगी, तो ठंडक का एहसास देगी. यह देसी एयर कूलर कमरे को कूल-कूल रखने में मदद करता है. इसी तरह का जुगाड़ गुजरात-राजस्थान में काफ़ी प्रचलित है, ख़ासकर वहां के गांवों में घरों के दरवाज़ों-खिड़कियों पर चादर या बोरी भिगोकर लगाया जाता है. इससे ठंडक मिलने के साथ-साथ गर्मी से राहत मिलती है.

यह भी पढ़ें: गर्मी में राहत देता बहुपयोगी खरबूजा (15 Health Benefits of Muskmelon)

इस पर भी ध्यान दें...
अपने खानपान में ठंडी तासीर वाली चीज़ों का अधिक से अधिक उपयोग करें, जैसे- खीरा, नारियल पानी, पुदीना, धनिया, तरबूज, संतरा, लौकी, केला, छाछ, कच्चा प्याज़ आदि. इससे शरीर में ठंडक रहती है, साथ ही साथ डिहाइड्रेशन, लू, पेट की गर्मी आदि से भी बचाव होता है. हां रात के समय इन्हें खाने से बचें, क्योंकि यह पाचन क्रिया को प्रभावित करते हैं.  
- ऊषा गुप्ता

Share this article