अगर आप भी कॉकरोच, मच्छर-मक्खी, चींटियों, छिपकली और चूहों से परेशान हैं, तो अपनाएं ये ईज़ी घरेलू तरीके, जो बिल्कुल सेफ तो हैं ही, इन अनचाहे मेहमानों से आपको छुटकारा भी दिलाएंगे. कॉक्रोच से ऐसे पाएं छुटकारा

अगर आप भी रसोई में बार-बार आने वाले कॉक्रोच से परेशान हैं, तो ट्राई करें ये टिप्स.
* बेकिंग सोडा और पिसी हुई चीनी को बराबर मात्रा में मिलाएं. इसे किचन के कोनों, सिंक के नीचे और अलमारी में छिड़क दें. चीनी की महक से कॉक्रोच आकर्षित होंगे और बेकिंग सोडा खाते ही मर जाएंगे.
* तेजपत्ते की तीखी गंध कॉक्रोच को बिल्कुल पसंद नहीं होती. इसे अपनी किचन की दराजों और अलमारियों में रख दें.
* नींबू की ख़ुुशबू कॉक्रोच को पसंद नहीं होती. आप बेकिंग सोडा और नींबू का मिक्सचर बनाकर उन जगहों पर रखें, जहां कॉक्रोच आते हैं.
* तेजपत्ता, लौंग या नीम के पत्ते जैसे प्राकृतिक उपाय कॉक्रोच को दूर रखने में मदद करते हैं. इन्हें किचन के कोनों में रखें.
* कॉक्रोच गंदगी में पनपते हैं, इसलिए किचन को हमेशा साफ रखें. खाना बनाने के बाद गैस स्टोव, सिंक और स्लैब को अच्छे से साफ करें. कचरा रोज़ाना बाहर फेंकें.
* कॉक्रोच अक्सर दीवारों की दरारों और पाइप के आसपास से आतेेहैं. इन जगहों को सील कर दें, ताकि उनका प्रवेश बंद हो सके.
चींटियां भगाने के घरेलू नुस्ख़े

* चीनी में चींटियां लग गई हैं, तो आप डिब्बे में 5-6 लौंग डाल दें और ढक्कन को थोड़ा खुला छोड़ दें. लौंग की तेज गंध चींटियों को बर्दाश्त नहीं होती और वो अपने आप बाहर निकलने लगती हैं.
* अगर आपके घर में लौंग नहीं है, तो आप डिब्बे के चारों ओर थोड़ा सा दालचीनी पाउडर छिड़क दें
* इसके अलावा चीनी के डिब्बे में एक तेजपत्ता भी डाल सकते हैं. इनकी गंध भी चींटियों को दूर रखती है.
* सिरका भी चीटियों को भगाने का रामबाण उपाय है. सिरके की तेज़ गंध चीटियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती. चीटियां चलते समय एक खास तरह की गंध (फेरोमोन्स) छोड़ती हैं, जिससे बाकी चीटियां उनके पीछे चलती हैं.
* किचन के दरवाज़े पर चॉक से लाइन खींचें. इससे चींटियां दूर रहती हैं.
* चींटियां निकलने वाली जगह पर नींबू का रस डालें.
छिपकली भगाने के तरीके

* कपूर और डिटॉल की तेज़ गंध छिपकलियों के लिए असहनीय होती है. एक स्प्रे बोतल में पानी भरें. इसमें कपूर का पाउडर और दो ढक्कन डिटॉल लिक्विड मिलाएं. इसे दरवाजों, खिड़कियों और घर के कोनों पर स्प्रे करें.
* प्याज़ और लहसुन में मौजूद सल्फर की गंध से छिपकलियां दूर भागती हैं. एक प्याज़ और 4-5 लहसुन की कलियों को पीसकर रस निकाल लें. इस रस को पानी में मिलाकर स्प्रे बोतल में डालें और छिपकली के छिपने वाली जगहों पर छिड़कें.
* छिपकलियां मोरपंख से डरती हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि आसपास कोई पक्षी या सांप (जो उन्हें खाते हैं) मौजूद है. घर की दीवारों या मुख्य प्रवेश द्वार पर मोरपंख लगाकर रखें.
* लाल मिर्च की तीखी गंध और जलन छिपकली को दूर रखती है. पानी में लाल मिर्च या काली मिर्च पाउडर मिलाएं. इसे कोनों और अंधेरी जगहों पर स्प्रे करें.
* अंडे के छिलकों की गंध भी छिपकलियों को भगाती है. इन्हें उन स्थानों पर रखें, जहां छिपकलियां अक्सर आती हैं.
* छिपकलियां दिखने पर उन पर ठंडा पानी स्प्रे करें. इससे वे कुछ समय के लिए सुन्न हो जाती हैं और आप उन्हें घर से बाहर निकाल सकती हैं.
मच्छरों को भगाने की होम रेसिपीज़
* एक नींबू को आधा काटकर उसमें 8-10 लौंग फंसा दें. इसे बेडरूम या खिड़की के पास रख दें, इसकी महक से मच्छर दूर रहते हैं.
* एक पुराने बर्तन में कपूर और तेजपत्ता जलाकर कुछ देर के लिए कमरे को बंद कर दें. इसके धुएं से मच्छर तुरंत भाग जाते हैं.
* नीम के तेल में थोड़ा सा कपूर मिलाएं और इसका स्प्रे घर के कोनों में करें.
* खिड़कियों और दरवाज़ों के पास तुलसी या लैवेंडर के पौधे लगाएं. इनकी तेज़ महक मच्छरों को घर के अंदर आने से रोकती है.
* घर में हमेशा जालीदार खिड़कियां और दरवाज़े लगाएं.
* घर के आसपास पानी न इकट्ठा होने दें.
* पानी की टंकी को समय-समय पर साफ़ करती रहें.
मक्खियां भगाने के घरेलू उपाय

* एक छोटे कटोरे में सेब का सिरका लें और उसमें डिश सोप (बर्तन धोने का साबुन) की कुछ बूंदें मिलाएं. इसे किचन में रखें. मक्खियां इसकी महक से आकर्षित होकर इसमें फंस जाती हैं.
* दालचीनी की ख़ुशबू मक्खियों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. जिन जगहों पर मक्खियां ज़्यादा आती हैं, वहां दालचीनी पाउडर छिड़क दें.
* नीलगिरी के तेल की कुछ बूंदें पानी में मिलाकर स्प्रे करने से मक्खियां भाग जाती हैं.
चूहों से छुटकारा पाने के घरेलू नुस्ख़े
* चूहों के बिलों और घर के प्रवेश द्वारों पर लाल मिर्च का पाउडर छिड़क दें. इसकी तीखी महक से चूहे घर में नहीं घुसते.
* चूहों को लहसुन की गंध बिल्कुल भी पसंद नहीं आती, जिससे वे इससे दूर रहते हैं. आप लहसुन का उपयोग कई तरीकों से कर सकते हैं.
* लहसुन की कलियां पीसकर एक घोल तैयार कर लें. इसे पानी में मिलाकर घर के उन स्थानों पर छिड़कें, जहां चूहे अक्सर आते हैं.
* लहसुन के कुछ टुकड़े घर के कोनों, दीवारों या उन जगहों पर रखें, जहां चूहे दिखते हैं. लहसुन की तीखी गंध चूहों को घर से बाहर रखेगी.
* प्याज़ का रस निकालकर उसे स्प्रे बॉटल में भर लें और घर के उन स्थानों पर छिड़कें, जहां चूहे अक्सर दिखाई देते हैं. जैसे ही चूहों को प्याज़ की गंध महसूस होगी, वे तुरंत उन स्थानों से दूर भाग जाएंगे.
* कालीमिर्च का पाउडर घर के उन हिस्सों में छिड़कें, जहां चूहे अक्सर आते हैं. जैसे रसोई, दीवारों के कोने या दरारों में. इसके अलावा, कालीमिर्च के कुछ दाने आप कपड़े में बांधकर भी उन स्थानों पर रख सकते हैं, जहां चूहे दिखाई देते हैं.
* पिपरमिंट ऑयल को पानी में मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें और उसे घर के उन स्थानों पर छिड़कें, जहां चूहे अक्सर आते हैं.
* फिटकरी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर घर के अलग-अलग हिस्सों में रख दें. इसके अलावा फिटकरी का पाउडर भी चूहों के रास्ते पर छिड़क सकते हैं.
* तंबाकू में बेसन या घी मिलाकर छोटी-छोटी गोलियां बना लें. इन गोलियों को घर के उन स्थानों पर रखें, जहां चूहे अक्सर दिखाई देते हैं. चूहे इन गोलियों की गंध से परेशान होकर उन स्थानों से दूर भाग जाएंगे.
Courtesy: Freepik
