Close

पहली बार विदेश घूमने जाने पर बचें इन ग़लतियों से? (Avoid these mistakes when traveling abroad for the first time?)

पहली बार विदेश घूमने जा रहे हैं, तो कई बार जानकारी के अभाव की वजह से और कई बार ज़्यादा एक्साइटमेंट की वजह से ध्यान ना देने के कारण हम उस अनजान देश में परेशानी में फंस जाते हैं. इसलिए अच्छा यही है कि ग़लती की कोई गुंजाइश ही ना छोड़ी जाए. इसलिए आइए जानें विदेश जाने पर किन ग़लतियों से हमें बचना चाहिए.

इमिग्रेशन के दौरान किन ग़लतियों से बचें

मैं यहां काम करने आया हूं, ना कहें
अगर आप अपने ऑफिस की तरफ़ से मीटिंग आदि या काम के सिलसिले में यहां आए हैं, तो ये नहीं कहना है कि मैं यहां काम करने आया हूं, बल्कि इस बात को इस तरह कहें कि मैं केवल बिज़नेस मीटिंग या सेमिनार के लिए आया हूं. अपनी कंपनी की तरफ़ से आया हूं और मैं यहां की स्थानीय नौकरी नहीं करूंगा.

आपके पास रहने का ठिकाना होना चाहिए
इमिग्रेशन अधिकारियों के पूछने पर कि आप वहां कहां रुकेंगे ये ना कहें कि मुझे होटल ढूंढ़ना है, बल्कि अपने होटल बुकिंग, एयरबीएनबी या रिश्तेदारों के पते की कॉपी साथ रखें और इस सवाल के जवाब में उन्हें वह दिखा दें.  

मुझे लौटने की टिकट अभी लेनी है...
यह लाइन बिल्कुल ना कहें. उन्हें अपनी लौटने की डेट बता दें, बल्कि वापसी का टिकट दिखा दें, ताकि उन्हें विश्‍वास हो सके कि आप वहां अवैध ढंग से परमानेंट रहने नहीं जा रहे, बल्कि जितने दिन का वीज़ा है आप उतने समय में लौट आएंगे.

ऑनलाइन वाले दोस्त से मिलने जा रहा हूं, ऐसा कहना ग़लत होगा
कभी भी यह न कहें कि आप अपने ऑनलाइन दोस्त को मिलने विदेश जा रहे हैं. इसकी बजाय हमेशा ये कहें कि मैं अपने इस रिश्तेदार के घर मिलने जा रहा हूं और उसका पूरा पता दिखा दें.

Travel Tips

अभी सोचा नहीं यहां इतने दिन क्या करूंगा...
ऐसा कहने की बजाय कहें कि ये मेरी यात्रा के कार्यक्रम हैं और इसी के हिसाब से मैंने अपना ट्रिप प्लान किया है. इससे इन्हें यकीन हो जाएगा कि आप यहां स़िर्फ घूमने के लिए आए हैं.

मेरे पास पैसा कहां है?
हम भारतीयों का अक्सर ऐसा रोना रोने की आदत होती है, लेकिन ये अपने देश में तो ठीक है, पर अगर आप कहीं बाहर जा रहे हैं, तो आपको बताना पड़ता है कि अपना ख़र्च आप ख़ुद उठा सकते हैं. अपने बैंक स्टेटमेंट या क्रेडिट कार्ड जैसे प्रमाण साथ रखें और पूछने पर दिखने में हिचकिचाएं नहीं ये ज़रुरी है.

यह भी पढ़ें: ख़ुद को बचाएं गॉसिप गैंग से (Protect yourself from the gossip gang)

इन बातों का भी ध्यान रखें

एक हफ़्ते पहले करें ये काम
यात्रा पर जाने से पहले आपको फ्लाइट टिकट पहले से बुक कर लेना चाहिए. उस जगह पर रुकने की व्यवस्था को दोबारा चेक कर लीजिए, ताकि वहां पहुंचने के बाद किसी तरह की परेशानी ना हो. विदेश जा रहे हैं तो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज अपने साथ रखें. कई बार हम ये सभी ग़लतियां करते हैं और बाद में परेशान होते हैं, इसलिए चीज़ों को क्रॉस चेक करना अच्छा रहता है.

पासपोर्ट की कॉपी मेल पर ना होना
कई बार दूसरे देश जाने पर आपका पासपोर्ट मिस्प्लेस हो गया या फिर कहीं आपकी ग़लती से ही छूट गया या फिर होटल के कमरे में रह गया तो आप बड़ी परेशानी में पड़ सकते हैं. ऐसे में पासपोर्ट की एक कॉपी अपने साथ हमेशा रखें. साथ ही उसकी कॉपी मेल पर भी होनी चाहिए. इससे अपनी नागरिकता साबित करना आसान हो जाता है.

डॉक्यूमेंट्स की अनदेखी ना करें
आपका पासपोर्ट वैध होना चाहिए और उसकी एक्सपायरी डेट कम से कम 6 महीने दूर हो. जिस देश में जा रहे हैं, उसके वीजा नियमों को पहले से जांच लें और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ तैयार रखें. इसमें कोई ग़लती नहीं होनी चाहिए. ’वीजा ऑन अराइवल’ की सुविधा है या नहीं, और उसके लिए क्या दस्तावेज़ (जैसे फोटो का साइज़, होटल बुकिंग) चाहिए, इसकी पूरी जानकारी रखें. स़िर्फ फोन पर निर्भर न रहें. पासपोर्ट, वीजा और इंश्योरेंस की फिजिकल कॉपी साथ रखें.

Travel Tips

दस्तावेज़ की कॉपी ढूंढ़ने में वहां समय न लगाएं
बेहतर होगा कि कि हर दस्तावेज़ की सॉफ्ट कॉपी और हार्ड कॉपी दोनों ले जाएं, चाहे वह फ्लाइट टिकट, होटल बुकिंग या आपका पासपोर्ट हो. हमेशा हार्ड कॉपी को बैकपैक या पर्स में रखें, ताकि आप उसे तुरंत निकाल सकें. ज़्यादा सावधानी के लिए इन सभी दस्तावेज़ों को स्कैन करके अपने फोन में रखें.

इंटरनेशनल रोमिंग ना लेना मुसीबत बन सकता है
भारत से बाहर मोबाइल सिम काम करना बंद कर देता है. वहां पहुंचकर लोकल सिम लेना या पहले से इंटरनेशनल पैक लेना समझदारी है. वहां आपका डाटा पैक काम नहीं करेगा, तो ऐसे में फैमिली के कुछ मेंबर इधर-उधर हो गए, तो आप परेशानी में आ सकते हैं. अगर आप चाहते हैं कि विदेश में आपका यही नंबर एक्टिव रहे, तो भारत में रहते हुए पहले ही कंपनी से इंटरनेशनल रोमिंग पैक ख़रीद लें. आजकल कई ई-सिम भी आ रहे हैं जो ग्लोबली एक्टिव रहते हैं. ये दोनों सर्विस महंगी पड़ती हैं, इसलिए आप जिस देश में जा रहे हैं, वहां पहुंचकर टूरिस्ट सिम कार्ड लें. यह सस्ता पड़ता है. वहीं आप कॉलिंग के लिए होटल या एयरपोर्ट का वाईफाई भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

बहुत ज़्यादा सामान पैक करने की ग़लती ना करें
कई बार हम एक्साइटमेंट में बहुत सारे कपड़े पैक कर लेते हैं और भूल जाते हैं कि हम कितने वेट का लगेज कैरी कर सकते हैं. जब एयरपोर्ट पहुंचते हैं, तो हमें अपना सामान वहां छोड़ना पड़ता है या फिर एक्स्ट्रा पैसा पे करना पड़ता है, जिससे बेकार का ख़र्च बढ़ जाता है. दूसरे, हम ये भी भूल जाते हैं कि वहां सामान उठाने के लिए कोई नहीं आने वाला. वहां आप ख़ुद ही अपने सामान के कुली हो. यह बात वहां जाने पर समझ में आती है. तब ट्रिप का सारा मज़ा सामान उठाने में ख़राब हो जाता है. इसलिए सामान उतना ही रखें, जितना आप उठा सकें.

ये सामान भूलने की ग़लती ना करें
जहां कुछ लोग ज़रूरत से ज़्यादा सामान रख लेते हैं, वहीं कई बार यात्री कुछ ज़रूरी चीज़ें भूल भी जाते हैं. ख़ासकर चार्जर, एडेप्टर या टॉयलेटरी जैसी बेसिक चीज़ें अक्सर छूट जाती हैं. वहीं कई देशों में यह सामान महंगे मिल सकते हैं या फिर आपके डिवाइस के हिसाब से नहीं मिलते हैं, जिसकी वजह से फिर परेशानी हो सकती है.

होटल का नाम-पता लिख कर रखें
आप ऐसी किसी यात्रा में जा रहे हैं, जहां इंग्लिश नहीं बोली जाती, तो वहां की लोकल लैंग्वेज में अपने होटल का नाम-पता फोन या डायरी में या मोबाइल में लिखकर रख लें. और कोशिश करें थोड़ी-बहुत लोकल लैंग्वेज सीख लें. या फिर गूगल मैप्स- रास्ते खोजने के लिए और गूगल ट्रांसलेट- भाषा की दिक्क़त दूर करने के लिए अपने फोन में ज़रूर रखें.

ज़रुरी दवाइयों को ले जाना ना भूले
दूसरे देश का मौसम आपको बीमार कर सकता है और वहां की मेडिकल फैसलिटीज काफ़ी महंगी होती हैं तो ऐसे में अपने डॉक्टर और इंश्योरेंस से संबंधित सभी ज़रूरी डॉक्यूमेंट्स अपने पास रख लें. फर्स्ट किट साथ ज़रूर कैरी करें. अपनी बीमारी से संबंधित सभी दवाइयां अपने साथ रखना ना भूलें, क्योंकि वहां भारत की तरह दवाइयों की दुकान से दवाई आप नहीं ख़रीद सकते.

विदेशी मुद्रा, करेंसी ज़रूर लेकर जाएं
कई लोग ग़लती करते हैं कि वहां की लोकल करेंसी नहीं रखते या कम रखते हैं और सोचते हैं जहां जा रहें हैं वही से ले लेंगे. इससे वहां जाकर परेशानी होती है और  बदलवाने के चार्ज भी ज़्यादा देने पड़ते हैं. इससे अच्छा है अपने ही देश से वहां की करेंसी एक्सचेंज करवा कर लेकर जाएं.
कैश में थोड़ी लोकल करेंसी ज़रूर रखें और अपने डेबिट/क्रेडिट कार्ड को इंटरनेशनल ट्रांजैक्शन के लिए एक्टिवेट करवा लें.  मुद्रा एक्सचेंज कहां से करवाना है. यह पहले से जान लें, ताकि कम कमीशन में अधिक फ़ायदा मिले.

यह भी पढ़ें: अपनी बोरिंग लाइफ को कैसे बनाएं मसालेदार और हैपनिंग? (How to make your boring life spicy and happening?)

ट्रैवेल इंश्योरेंस ना लेना
यह सबसे बड़ी ग़लती हो सकती है. विदेश में मेडिकल इमर्जेंसी या सामान चोरी होने पर या फ्लाइट कैंसिलेशन जैसी अनहोनी से बचने के लिए ट्रैवल इंश्योरेंस ज़रूर करवाएं. ट्रैवेल इंश्योरेंस आपको लाखों के ख़र्च से बचा सकता है.

ड्रेस कोड का पालन ना करना
कई धार्मिक स्थलों (जैसे थाईलैंड के मंदिर या यूरोप के चर्च) में कपड़ों को लेकर सख्त नियम होते हैं. इंटरनेट की साइट पर उनके ड्रेस कोड बने होते है जैसे कि वहां कट स्लीव्स और ऊंची ड्रेस पहनने पर मनाही होती है इसलिए अपने साथ उनकी ड्रेस कोड के हिसाब से भी कपड़े ज़रूर रखें.

कनेक्टिंग फ्लाइट्स में टाइम गैप ना रखना बड़ी ग़लती बन सकता है
अगर आपको किसी जगह से कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी है तो उनके बीच कम से कम 3-4 घंटे का गैप ज़रूर रखें, क्योंकि अगर पहली फ्लाइट किसी वजह से लेट हो गई तो दूसरी फ्लाइट मिस हो सकती है और पूरा ट्रिप ख़राब करने के लिए आपकी ये गलती काफ़ी है.

होटल की लोकेशन सही ना चुनना
कई बार हमारा फोकस बस इतना ही होता है कि कहां सस्ते होटल की डील मिल रही है. कहीं सस्ता होटल देखा नहीं कि हम ख़ुश हो जाते हैं कि हमारे बजट में होटल मिल गया और बुक कर लेते हैं. लेकिन वहां जाकर पता चलता है  कि ये होटल तो शहर से बहुत दूर है और टैक्सी से आने-जाने में ही अच्छा-खासा पैसा लग जाएगा तब पछताने के सिवाय कुछ नहीं होता. इसलिए होटल बुक करने से पहले यह देख लें कि उसकी कनेक्टिविटी बाकी जगहों से अच्छी और जुड़ी हुई होनी चाहिए, ताकि बाद में कोई परेशानी ना हो.

क़ानून की जानकारी ना होना मुसीबत बन सकता है
अनजाने में की गई एक छोटी सी ग़लती भी विदेश में क़ानूनी पचड़े या भारी ज़ुर्माने का कारण बन सकती है. अलग-अलग देशों के अपने नियम होते हैं. जिनका पालन करना हर टूरिस्ट के लिए ज़रुरी होता है, जैसे-
अगर आप सिंगापुर जा रहे हैं तो आप अपने साथ च्युइंग गम नहीं ला सकते हैं या स्पेन में ड्राइविंग करते समय फ्लिप फ्लॉप यानी हवाई चप्पल नहीं पहन सकते हैं.

भारत में सामान्य मानी जाने वाली कुछ पेनकिलर्स या कफ सिरप कई देशों (जैसे दुबई या जापान) में प्रतिबंधित हो सकते हैं. हमेशा डॉक्टर का पर्चा साथ रखें.

ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड जैसे देशों में बाहर से बीज, फल या डेयरी उत्पाद ले जाना सख्त मना है. अगर आप इन्हें डिक्लेयर नहीं करते तो मौ़के पर ही भारी ज़ुर्माना लग सकता है.
सिंगापुर और कई यूरोपीय देशों में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान के लिए बहुत सख्त नियम हैं.

कुछ देशों में सड़क पर शराब पीना भी आपको जेल पहुंचा सकता है.

सैन्य ठिकानों, सरकारी इमारतों और कभी-कभी स्थानीय महिलाओं या बच्चों की बिना अनुमति फोटो खींचना कई देशों में गंभीर अपराध माना जाता है.

यहां के शाही परिवार का अपमान करना (यहां तक कि उनकी फोटो वाले नोट को पैर से दबाना) एक गंभीर क़ानूनी अपराध है. साथ ही बुद्ध की मूर्तियों के साथ अनुचित तरी़के से फोटो खिंचवाना भी मना है.

विदेशों में ट्रैफिक नियम बहुत सख्ती से लागू होते हैं. अगर आप पैदल चल रहे हैं और जेब्रा क्रॉसिंग या सिग्नल का पालन नहीं करते (Jaywalking) तो पुलिस तुरंत आपका चालान काट सकती है.

यात्रा से पहले उस देश की आधिकारिक पर्यटन वेबसाइट पर 'Do's and Don'ts’  ज़रूर पढ़ें.
- शिखा जैन 

Travel Tips

Share this article