Close

ब्यूटी सीक्रेट्स- गुलाबी होंठ (Beauty Secrets – Pink Lips)

​गुलाबी, नर्म और स्वस्थ होंठ आपके चेहरे की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं. परंतु कई बार बदलते मौसम, प्रदूषण, डिहाइड्रेशन और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स के कारण होंठ काले, फटे या रुखे हो जाते हैं. जानें गुलाबी लिप्स‌ के ब्यूटी टिप्स.

होंठों की त्वचा चेहरे के अन्य भागों की तुलना में बहुत ही पतली और संवेदनशील होती है, इसलिए इसकी विशेष देखभाल रखना ज़रूरी है. कई लोगों को होंठ चबाने या होंठों की स्किन पील (निकालने) करने की आदत होती है. बार बार होंठों को इस तरह करने से वे ड्राई हो जाते हैं व कालापन भी आ जाता है. ऐसे समय में इसकी देखभाल ज़रूरी है.

आइए, होंठों की अलग-अलग समस्याओं, उनकी देखभाल और उनके लिए कुछ अद्भुत घरेलू पैक के बारे में विस्तार से जानते हैं.

होंठों की मुख्य समस्याएं और उनकी देखभाल

फटे हुए होंठ

​बदलते मौसम के हवा के कारण होंठों का फटना बहुत सामान्य है.

होंठ फटने पर उन्हें बारबार जीभ से गीला नहीं करना चाहिए, क्योंकि लार में मौजूद एसिड होंठों को और अधिक सूखा बनाता है.

दिनभर पर्याप्त पानी पीएं.

रात को सोने से पहले शुद्ध घी या बादाम का तेल लगाएं.

होंठों का कालापन

​कई बार लंबे समय तक धूप में रहने से या सस्ती लिपस्टिक या लिप बाम का उपयोग करने से होंठ काले पड़ जाते हैं.

बाहर निकलते समय एसपीएफ युक्त लिप बाम का उपयोग करें.

हफ़्ते में दो बार होंठों को हल्के हाथों से स्क्रब करके मृत त्वचा को दूर करना ज़रूरी है.

यह भी पढ़ें: टॉप 10 ब्यूटी प्रॉब्लम्स के ईज़ी सॉल्यूशन्स (10 Common Beauty Problems Solved With Easy Solutions)

ड्राई लिप्स

​शरीर में विटामिन की कमी या कम पानी पीने के कारण होंठ लगातार सूखते रहते हैं और कभी-कभी उनमें से खून भी निकलता है.

होंठों की त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए देशी शहद या गाय का दूध श्रेष्ठ न्यूट्रिशन प्रदान करता है.

हल्दी में मौजूद एंटीसेप्टिक गुण पिगमेंटेशन को दूर करते हैं.

होंठों के घरेलू पैक व स्क्रब

​मौसम चाहे जो भी हो रसोई की प्राकृतिक सामग्रियों से बने ये पैक होंठों को फिर से गुलाबी और मुलायम बना सकते हैं-

​शुगर और हनी स्क्रब पैक

एक टीस्पून शुगर‌ पाउडर में आधा टीस्पून शुद्ध शहद और कुछ बूंदें नींबू का रस मिक्स करें.

इस पैक को होंठों पर लगाकर एक मिनट तक उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करें. दो मिनट बाद धो लें.

चीनी स्क्रब के रूप में काम करके कालापन दूर करती है, जबकि शहद होंठों को मॉइश्चराइज़ करता है.

​गुलाबी पंखुड़ी और मलाई पैक

ताजा गुलाब की चार-पांच पंखुड़ियों को पीस लें और उसमें आधा चम्मच दूध की ठंडी मलाई मिक्स करके पेस्ट बनाएं.

इस लाइट पिंक पेस्ट को होंठों पर लगाकर दस-पंद्रह मिनट के लिए छोड़ दें, उसके बाद गुनगुने पानी से साफ़ कर लें.

गुलाब होंठों को प्राकृतिक गुलाबी रंग देता है और मलाई ड्राइनेस दूर करके होंठों को नर्म-मुलायम बनाता है.

यह भी पढ़ें: क्या मैं डार्क सर्कल को मेकअप से छुपा सकती हूं? (How To Hide Dark Circles By Makeup)

​बीटरूट और एलोवेरा पैक

बीटरूट (चुकंदर) के टुकड़े को कद्दूकस करके उसका रस निकालें. इस रस में थोड़ा एलोवेरा जेल और नारियल तेल की दो बूंद मिलाकर‌ मिक्स करें.

इस पैक को रात को सोने से पहले लिप बाम की तरह होंठों पर लगाकर सो जाएं.

बीटरूट में मौजूद प्राकृतिक तत्व होंठों के कालेपन को दूर करते हैं और एलोवेरा त्वचा को स्वस्थ बनाता है.

​हल्दी-दूध का पैक

एक चुटकी कश्मीरी हल्दी में थोड़ा ठंडा दूध मिक्स करके गाढ़ा पेस्ट तैयार करें.

इस पैक को होंठों पर पांच मिनट लगाकर रखें.

सूख जाए तो हल्के हाथों से रगड़कर धो लें.

हल्दी में मौजूद एंटीसेप्टिक गुण पिगमेंटेशन दूर करने का रामबाण इलाज हैं.

– स्नेहा सिंह 

Photo Courtesy: Freepik

Share this article