Close

​त्योहारों के लिए किचन क्लीनिंग टिप्स (Kitchen Cleaning Tips for the Festive Season)

डी-क्लटरिंग से शुरुआत करें: सबसे पहले अपने रसोईघर से डी-क्लटरिंग करें यानी अनावश्यक वस्तुओं को हटा दें. ऐसे बर्तन, डिब्बे या खाद्य पदार्थ (फूड आइटम्स) जिनकी एक्सपायरी डेट पूरी हो चुकी है या जिनका आप उपयोग नहीं करते हैं, उन्हें बाहर निकालें. इससे सफ़ाई करना और बाकी वस्तुओं को व्यवस्थित करना आसान हो जाएगा.

​कैबिनेट और ड्रॉअर्स की सफ़ाई: रसोई के कैबिनेट्स और हैंडल्स पर सबसे ज़्यादा चिकनाई और ग्रीस जम जाती है. इस चिकनाई को दूर करने के लिए गर्म पानी में डिशवॉशिंग लिक्विड या बेकिंग सोडा और सिरका (विनेगर) मिलाकर पेस्ट बनाएं. इस पेस्ट को चिकनाई वाली जगह पर लगाकर 10-15 मिनट बाद स्पंज या माइक्रो फाइबर कपड़े से घिसें.

चिमनी और एग्जॉस्ट फैन को साफ़ करें: चिमनी और एग्जॉस्ट फैन ग्रीस के मुख्य स्रोत हैं. इनके फिल्टर्स और अन्य हिस्सों को गर्म पानी और डिटर्जेंट से साफ़ करें. इससे रसोई की हवा भी स्वच्छ रहेगी.

यह भी पढ़ें: होम क्लीनिंग टिप्सः ताकि घर रहे स्वच्छ और सुंदर (Home Cleaning Tips: To Keep Home Clean and Beautiful)

​गैस स्टोव और काउंटर टॉप: गैस स्टोव पर लगे काले दाग़ और तेल को दूर करने के लिए नींबू और नमक का उपयोग करें. आधा नींबू काटकर उस पर नमक छिड़कें और दाग़ पर रगड़ें. रसोई के काउंटर टॉप को भी बेकिंग सोडा के मिश्रण से साफ़ करने पर वह चमक उठेगा.

​बर्तनों को चमकाएं: पुराने और काले पड़ चुके बर्तनों को नए जैसी चमक देने के लिए बेकिंग सोडा और विनेगर की पेस्ट लगाएं. पीतल और तांबे के बर्तनों को सिरके (विनेगर) और आटे की पेस्ट से साफ़ करने पर वे हीरे की तरह चमक उठेंगे.

रेफ्रिजरेटर को डीप क्लीन करें: रेफ्रिजरेटर को खाली करके अंदर की सभी आलमारियों (शेल्व्स) और ड्रॉअर्स को विनेगर और पानी के मिश्रण से साफ़ करें. ख़राब हो चुके या पुराने खाद्य पदार्थों को हटा दें और नई चीज़ों के लिए जगह बनाएं.

यह भी पढ़ें: मॉर्डन डेकोर का मतलब सिर्फ़ महंगा होना नहीं (Modern decor doesn’t just mean being expensive)

सुव्यवस्थित रखें: सफ़ाई करने के बाद सभी वस्तुओं को उनकी जगह पर सही ढंग से रखें. डिब्बों पर लेबल लगाएं और त्योहारों के दौरान उपयोग में आने वाले स्नैक्स और मिठाइयों के लिए किचन में एक ख़ास कैबिनेट खाली करें, जिससे मेहमानों को परोसते समय आसानी रहे.

– स्नेहा सिंह 

Photo Courtesy: Freepik

Share this article