Close

होम क्लीनिंग टिप्सः ताकि घर रहे स्वच्छ और सुंदर (Home Cleaning Tips: To Keep Home Clean and Beautiful)

घर एक ऐसी जगह है जहां हमें सुकून और शांति मिलती है, इसलिए ज़रूरी है कि दिनभर की भागदौड़ और थकान के बाद जब हम घर में क़दम रखें, तो वो साफ़-सुथरा और महका-महका हो, ताकि हमारी सारी थकान और तनाव दूर हो जाए. इसके लिए ज़रूरी नहीं कि आप हमेशा केमिकलयुक्त चीज़ों पर ही निर्भर रहें. कुदरती तरी़के से भी आप अपने आशियाने को ख़ूबसूरत और महका-महका बना सकती हैं. आपके ड्रीम होम की साफ़-सफ़ाई के मुश्किल काम को आसान बनाने के लिए हमने जुटाएं हैं कुछ ईज़ी टिप्स.

नेचुरल क्लीनर

साफ़-सफ़ाई के लिए हमेशा बाज़ार में मिलने वाले सॉल्युशन्स और डिटर्जेंट पर निर्भर रहने की बजाय आप घर में ही मौजूद चीज़ों का इस्तेमाल कर सकती हैं.

नींबू

नींबू में पाया जाने वाला सिट्रिक एसिड नेचुरल ब्लीच का काम करता है. इससे कई तरह के दाग़ छुड़ाए जा सकते हैं.

- यदि तांबे के बर्तन में गैस या स्टोव के इस्तेमाल से कालिख लग गई है, तो नींबू और नमक मिलाकर रगड़ें. तांबा चमक जाएगा.

- आपके प्लास्टिक के टिफिन में तेल के दाग़ लगे हैं और बदबू आ रही है, तो टिफिन को नींबू के रस में रातभर डुबोकर रखें और अगले दिन बेकिंग सोडा से साफ़ कर लें.

- नींबू के रस में नमक और साबुन का घोल मिलाकर किचन सिंक की सफ़ाई की जा सकती है.

- दरवाज़े, खिड़कियों पर लगे स़फेद पानी के दाग़ को आप नींबू से साफ़ कर सकती हैं.

नमक

नमक न स़िर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि क्लींनिंग एजेंट का काम भी करता है.

- बाथरूम, बाथटब या टॉयलेट सीट पर पीले दाग़ पड़ गए हैं, तो उसे नमक और तारपीन के तेल से छुड़ाया जा सकता है.

- लोहे के बर्तन में लगे दाग़ छुड़ाने के लिए नमक में गरम पानी मिलाकर पेस्ट बनाएं और इससे बर्तन साफ़ करें.

- यदि जींस ज़्यादा गंदी है, तो एक बाल्टी पानी में एक चम्मच नमक डालकर जींस को 10-15 मिनट के लिए भिगोकर रखें. इससे जींस का कलर भी नहीं जाएगा.

- कारपेट पर यदि दाग़ लग गया है, तो दाग़ वाली जगह पर नमक छिड़कें और गीले कपड़े से रगड़कर पोंछ दें.

बेकिंग सोडा

खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाला बेकिंग सोडा सफ़ाई के भी काम आता है.

- माइक्रोवेव के अंदर के दाग़-धब्बे साफ़ करने के लिए बेकिंग सोडा में नींबू का रस मिलाकर क्लीन करें.

- किचन स्लैब जहां आप खाना बनाती हैं, वहां जमी चिकनाई और गंदगी को साफ़ करने के लिए उस जगह पर गुनगुने पानी में सोडा मिलाकर डालें. 10 मिनट बाद स्क्रब से साफ़ कर लें.

- जले बर्तन को साफ़ करने के लिए साबुन मिले पानी में बेकिंग सोडा मिलाएं. इस घोल को जले बर्तन में डालकर रातभर छोड़ दें. सुबह रगड़कर धो लें, बर्तन चमक जाएंगे.

- कारपेट साफ़ करने के लिए पूरे कारपेट पर थोड़ी मात्रा में सोडा छिड़कें और वैक्यूम क्लीनर से साफ़ कर लें. कारपेट से बदबू चली जाएगी.

- गरम पानी में सोडा और साबुन का घोल मिलाकर सिंक और बेसिन की सफ़ाई करें.

आलू

आलू न स़िर्फ खाने में वेरायटी लाता है, बल्कि साफ़-सफ़ाई के काम भी आता है.

- आलू की स्लाइस काटकर जंग लगे सामान पर घिसें, ये जंग को काटकर उसे बिल्कुल साफ़ कर देगा.

- आलू की स्लाइस काटकर कांच पर रगड़ने से कांच साफ़ हो जाता है.

- चांदी साफ़ करने के लिए जिस पानी में आलू उबाला गया है, उसमें गहने या बर्तन को 20 मिनट तक रखें. चांदी चमक जाएगी.

- यदि घर में कांच का कोई सामान नीचे गिरकर टूट जाए, तो कांच के बड़े टुकड़े उठा लें और बारीक़ टुकड़े बटोरने के लिए आलू की स्लाइस

काटकर उस जगह पर रगड़ें जहां सामान गिरा है. इससे कांच के टुकड़े आलू में फंस जाएंगे.

इमली

इमली का इस्तेमाल खाने के साथ ही सफ़ाई के काम के लिए भी होता है.

- चांदी के अलावा अन्य मेटल ज्वेलरी जिसे साबुन से साफ़ करना मुश्किल होता है, उसे इमली से साफ़ किया जा सकता है. इमली मिले पानी में ज्वेलरी डाल दें. सारी गंदगी निकल जाएगी.

- पीतल और तांबे के बर्तन और अन्य उपकरणों को इमली के गूदे से साफ़ करें.

- जंग लगे हुए मेटल के नल पर इमली का गूदा रगड़ें, नल साफ़ हो जाएगा.

- किचन की चिमनी को इमली के पानी से साफ़ करें.

पुराने अख़बार

पुराने अख़बार को बेकार समझकर यदि आप रद्दी में बेच देती हैं, तो अब से ऐसा ना करें, क्योंकि अख़बार से कांच साफ़ करने के साथ ही आप इसे कई और कामों में इस्तेमाल कर सकती हैं.

- कांच के बर्तन और अन्य सामान की सफ़ाई पेपर से करें. इसके लिए पेपर को पानी में भिगोएं और उससे सफ़ाई करें.

- यदि आपके जूते गीले हैं या डेस्क पर पानी/चाय गिर गई है, तो उसे सुखाने के लिए पेपर का इस्तेमाल करें. पेपर पानी को जल्दी सोख लेता है.

- हरी सब्ज़ियों को ताज़ा रखने के लिए उन्हें पेपर में लपेटकर रखें.

विनेगर

चाइनीज़ व्यंजनों में इस्तेमाल होने वाला विनेगर यानी सिरका भी बड़े काम की चीज़ है.

- सिरके के घोल में कपड़ा डुबोकर बाथरूम की टाइल्स और गंदी खड़कियों को आसानी से साफ़ किया जा सकता है.

- 1/4 कप विनेगर और 1 कप पानी को माइक्रोवेव प्रूफ बाउल में भरकर 5 मिनट हाईमाइक्रो करें. विनेगर और पानी के भाप से माइक्रोवेव से आ रही दुर्गंध दूर हो जाएगी और दाग़-धब्बे हल्के हो जाएंगे.

- विनेगर और पानी के मिश्रण के ठंडा होने पर इसमें कपड़ा या स्पंज डुबोकर माइक्रोवेव सरफेस, डोर और बाकी हिस्सों को साफ़ करें.

करें कीड़े-मकोड़ों की छुट्टी

बीमारी पैदा करने वाले कई कीड़े-मकोड़ों को दूर करने के लिए आमतौर पर पेस्ट कंट्रोल कराने की ज़रूरत पड़ती है, लेकिन आप कुछ घरेलू उपायों से भी कीट-पतंगों से छुटकारा पा सकती हैं.

चींटीः चींटियों को किचन से दूर रखने के लिए किचन को हमेशा साफ़-सुथरा रखें. हफ़्ते में एक बार केरोसीन से पोंछा लगाने से भी चीटियां गायब हो जाती हैं.

छिपकलीः छिपकली को घर से दूर रखने के लिए घर के कोनों में अंडे का छिलका रखें. छिपकली का आना कम हो जाएगा.

मच्छरः मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए नीम और तुलसी की पत्तियां घर के आसपास रखें. सूखे नारियल के छिलके को जलाने से भी मच्छर भाग जाते हैं.

अन्य कीड़े-मकोड़ेः घर में कपूर की 2-3 गोलियां जलाएं. कपूर में पाया जाने वाला सल्फर कीट को दूर रखता है. इसके अंदर एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल तत्व पाए जाते हैं. इसे जलाने से छोटे-मोटे कीटों से छुटकारा मिल जाता है

किचन की ख़ास चीज़ें जिनकी सफ़ाई ज़रूरी है

आमतौर पर आप किचन में बर्तन, तौलिया, स्लैब, फ्रिज, मिक्सर, माइक्रोवेव आदि तो साफ़ कर लेती हैं, लेकिन कुछ ऐसी चीज़ें और जगहें होती हैं, जिन्हें आप नज़रअंदाज़ कर जाती हैं, जैसे-

सब्ज़ी काटने वाला चॉपिंग बोर्डः चॉपिंग बोर्ड (कटिंग बोर्ड) को स़िर्फ पानी और स़र्फ से धोना पर्याप्त नहीं है. बोर्ड के हैंडल और गहराई में कीटाणु इक्ट्ठा हो जाते हैं. इतना ही नहीं टमाटर के बीज और मिर्च के बीज भी अंदर तक चले जाते हैं और इन्हें बाद में निकालना मुश्किल होता है. अतः रोज़ाना इस्तेमाल के बाद इसे अच्छी तरह साफ़ करें. साथ ही सब्ज़ियां और मीट काटने के लिए अलग-अलग बोर्ड रखें.

किचन सिंकः सिंक में गंदे बर्तनों को ज़्यादा देर तक रखने से बीमारी पनप सकती है, इसलिए बर्तन रखने से पहले उसका बचा हुआ जूठा खाना बाहर फेंक दें. अपने किचन सिंक को गरम पानी और वॉशिंग पाउडर से धोएं. साथ ही बेकिंग सोडा का इस्तेमाल सिंक के कोने-कोने में करें, जिससे बैक्टीरिया न पनपें.

स्पंज और स्क्रबः नमी तथा गीली जगह पर कीटाणु बहुत तेज़ी से पनपते हैं, इसलिए स्पंज व बर्तन मांजने वाले तार को हर महीने बदल दें. साथ ही हर बार इस्तेमाल के बाद इसे पानी से अच्छी तरह धोकर निचोड़ दें और सूखने के लिए रख दें.

नाइफ स्टैंडः लकड़ी के नाइफ स्टैंड में कभी भी गीला चाकू न रखें. लकड़ी बहुत ही आसानी से पानी सोख लेता है, जिससे बैक्टीरिया पनपने लगते हैं. अतः हमेशा स्टील या प्लास्टिक के हैंडल वाले चाकू का प्रयोग ही करें, जिससे उसे धोने, सूखने और सफ़ाई करने में परेशानी न हो.

किचन रैक हैंडलः कई बार खाना बनाते समय हम गंदे हाथों से ही रैक के हैंडल को छू देते हैं, इसलिए समय-समय पर उसे पानी और डिटर्जेंट से ज़रूर धोएं.

बेकार पड़े साबुन-शैंपू भी हैं काम के

अगर आपके घर में एक्सपायर्ड साबुन-शैम्पू पड़े हुए हैं, तो फेंकने की बजाय उनका इस्तेमाल कुछ इस तरह करें.

- एक्सपायर हो चुके साबुन को कमोड के फ्लश में डाल दें. इससे जब भी आप फ्लश करेंगी, तो झाग वाला पानी निकलेगा जिससे बाथरूम तो महकेगा ही, साथ ही कीटाणु भी ख़त्म हो जाएंगे.

- ख़राब हो चुके शैम्पू से स्वेटर, शॉल आदि धोएं. इससे ऊनी कपड़े आसानी से साफ़ हो जाएंगे और उनकी कोमलता भी बनी रहेगी.

- एक्सपायर हो चुके शैम्पू से आप बर्तन, गहने, कार, बाइक, स्कूटर आदि भी आसानी से धो सकती हैं. चूंकि इसके रिएक्टिव तत्व ख़त्म हो जाते हैं, इसलिए इससे किसी तरह का नुक़सान नहीं होता.

- ख़राब हो चुके साबुन (बाथिंग सोप) से आप क़ीमती कुशन कवर, पिलो कवर आदि को अच्छी तरह धो सकती हैं. साबुन से धोने से आपके फैब्रिक से भीनी-भीनी ख़ुशबू आएगी, जो पूरे घर को महका देगी.

Share this article