वह अपने छोटे हाथों से तौलिया उठाकर ले आई. राघव चुपचाप उसे देखता रहा. उसे याद आया, बचपन में जब वह बारिश में भीगकर घर लौटता थातो मां भी इसी तरह तौलिया लेकर दरवाज़े पर खड़ी मिलती थी.
राघव को हमेशा लगता था कि घर में उसकी ज़रूरतों का ध्यान रखना किसी की स्वाभाविक ज़िम्मेदारी है. सुबह उठते ही चाय मिल जाना, नाश्ते कीमेज पर अख़बार के साथ टोस्ट रखा होना, ऑफिस जाते समय पत्नी का टिफिन पकड़ा देना और रात को लौटने पर खाने के लिए गर्म रोटियां मिलना… ये सब उसकी ज़िंदगी का हिस्सा थे. उसने कभी इनके पीछे छिपी व्यस्तता और मेहनत को बहुत गौर से नहीं देखा था.
बचपन में मां उसके लिए यही सब किया करती थी. स्कूल जाने से पहले जूते पॉलिश करके रखना, बस्ता तैयार करना और खाने की मेज पर बैठाकर दूध पिलाना तब मां की डांट भी उसे अच्छीनहीं लगती थी.
“राघव, खाना पूरा खाकर जाना.”
“मां, देर हो रही है.”
“देर हो जाएगी तो आसमान नहीं टूट पड़ेगा खाली पेट कहीं नहीं जाना.”
समय बीता मां ने एक दिन उसकी ज़िम्मेदारी उसकी पत्नी नंदिनी को सौंप दी. यह ज़िम्मेदारी किसी लिखित समझौते की तरह नहीं थी, बस घर की छोटी-छोटी आदतों में मां धीरे-धीरे पीछे होती गई और नंदिनी उसकी ज़िंदगी का हिस्सा बनती गई.
अब नंदिनी उसे समय पर खाना खाने की हिदायत देती, दवाइयां याद दिलाती और देर रात तक मोबाइल देखने पर नाराज़ होती. राघव कभी हंसकर टाल देता तो कभी झुंझला उठता, “तुम्हें हर वक़्त मेरी चिंता लगी रहती है मैं बच्चा नहीं हूं.”
नंदिनी मुस्कुराकर कहती, “यह बात तुम्हें समझाने की कोशिश में हीतो मेरी आधी उम्र निकल जाएगी.”
राघव भी हंस देता.
चार साल पहले उनके घर बेटी का जन्म हुआ, उसका नाम अमाया रखा गया. घर में जैसे एक नई सुबह उतर आई थी. उसकी छोटी-छोटी बातें, तोतली आवाज़ और अनगिनत सवालों ने दोनों की दुनिया बदल दी थी.
अब अमाया थोड़ी बड़ी हो गई थी. उसे अपने पापा से बहुत प्यार था. पापा ऑफिस से लौटते तो वह दौड़कर उनसे लिपट जाती उनके बैग की तलाशी लेती और पूछती कि आज उसके लिए क्या लाए हैं.
एक दिन राघव ऑफिस से लौटा तो थकान के कारण उसने खाना खाने से मना कर दिया.
“भूख नहीं है, बाद में खा लूंगा.”
नंदिनी ने हमेशा की तरह कहा, “सुबह भी ठीक से नहीं खाया था अब फिर वही नाटक!”
राघव कुछ कहता, उससे पहले अमाया उसके पास आ गई.
“पापा, खाना क्यों नहीं खाया?”
“बस बेटा, भूख नहीं है.”
अमाया ने कुछ देर उसे देखा, फिर अपनी छोटी-सी उंगली उठाकर बोली, “खाना नहीं खाओगे तो बीमार हो जाओगे.”
राघव हंस पड़ा उसे लगा जैसे मां की कोई पुरानी आवाज़ घर के भीतर लौट आई हो.
कुछ दिनों बाद नंदिनी को तीन दिन के लिए अपनेमायके जाना पड़ा. घर में राघव और अमाया अकेले रह गए. राघव को लगा कि इसमें कौन-सी बड़ी बात है वह अपनी बेटी का ध्यान रख सकता है.
पहला दिन तो किसी तरह निकल गया दूसरे दिन सुबह अमाया ने पूछा, “पापा, आपने नाश्ता किया?”
राघव लैपटॉप पर ऑफिस का काम कर रहा था. उसने बिना सिर उठाए कहा, “हां बेटा.”
“क्या खाया?”
राघव ने स्क्रीन से नज़र हटाई उसे याद आया कि उसने सुबह से केवल चाय पी थी.
“अभी करता हूं.”
अमाया संतुष्ट नहीं हुई वह रसोई में गई और थोड़ीदेर बाद बिस्किट का पैकेट लेकर लौट आई.
“पहले ये खा लो फिर काम करना.”
राघव ने उसे गोद में बिठा लिया उस छोटी सी बच्ची की चिंता में उसे एक अजीब सी आत्मीयता महसूस हुई.
उसी शाम ऑफिस से लौटते समय हल्की बारिश शुरू हो गई. वह भीगता हुआ घर पहुंचा. अमाया दरवाज़े पर खड़ी थी उसे देखते ही बोली, “पापा, आप भीग गए! अब सर्दी हो जाएगी.”
वह अपने छोटे हाथों से तौलिया उठाकर ले आई. राघव चुपचाप उसे देखता रहा. उसे याद आया, बचपन में जब वह बारिश में भीगकर घर लौटता था तो मां भी इसी तरह तौलिया लेकर दरवाज़े पर खड़ी मिलती थी.
उस रात अमाया को सुलाते हुए राघव देर तक उसके चेहरे को देखता रहा. उसे अचानक लगा कि उसकी ज़िंदगी में हमेशा कोई न कोई ऐसा रहा है जिसने उसकी छोटी-छोटी ज़रूरतों को अपनी ज़रूरत समझा. पहले मां, फिर नंदिनी और अब अमाया…
लेकिन क्या उसने कभी किसी की चिंता उसी तरह की थी?
मां जब बीमार पड़ती थी तो वह अक्सर कह देता था कि डॉक्टर को दिखा आना. नंदिनी दिनभर काम करके थक जाती थी तो वह शायद ही कभी पूछता था कि उसे आराम की ज़रूरत है या नहीं. उसे याद नहीं आया कि आख़िरी बार उसने पत्नी से कब पूछा था कि उसने खाना खाया या नहीं.
अगली सुबह नंदिनी का फोन आया.
“खाना खा लिया तुमने? अमाया ने दूध पी लिया? और हां, अपनी दवा लेना मत भूलना.”
राघव मुस्कुराया.
“तुमने खाना खाया?”
दूसरी तरफ़ कुछ पल की चुप्पी रही.
“हां, खा लिया, लेकिन आज तुम्हें मेरी चिंता कैसे हो गई?”
“बस ऐसे ही.”
“अच्छा! तीन दिन में आदमी सुधर भी सकता है, यह आज पता चला.”
दोनों हंस पड़े.
शाम को नंदिनी घर लौटी तो रसोई में कुछ बर्तन बिखरे पड़े थे. मेज पर तीन थालियां लगी थीं राघव ने किसी तरह खाना बनाया था. रोटियां थोड़ी मोटी थीं और सब्ज़ी में नमक कुछ ज़्यादा था.
अमाया दौड़कर मां से लिपट गई.
“मम्मा, आज पापा ने खाना बनाया है और जानते हो, उन्होंने मुझसे पूछा कि मैंने खाना खाया या नहीं!”
नंदिनी ने राघव की तरफ़ देखा उसकी आंखों में हल्की शरारत थी.
“तो अब मेरी छुट्टी हो सकती है?”
राघव ने मुस्कुराकर कहा, “नहीं, लेकिन अब तुम्हारी चिंता करने वाला कोई और भी है.”
अमाया को शायद उनकी बात पूरी तरह समझ नहीं आई. वह अपनी छोटी सी कुर्सी खींचकर बैठ गई और बोली, “मम्मा, पहले खाना खा लो ठंडा हो जाएगा.”
नंदिनी ने बेटी को देखा, फिर राघव को.
राघव को लगा, घर में प्रेम शायद इसी तरह एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता है. कोई इसे सिखाता नहीं. कोई इसका हिसाब नहीं रखता. बस कोई किसी के लिए थोड़ा-सा रुक जाता है, कोई किसी को समय पर खाना खाने के लिए टोक देता है और कोई थके हुए चेहरे पर तौलिया रख देता है.
उसने नंदिनी की थाली में रोटी रखते हुए पहली बार गौर किया कि उसकी पत्नी भी दिनभर की थकान लेकर घर लौटी है.
“तुम बैठो, आज खाना मैं परोसता हूं.”
नंदिनी ने कुछ नहीं कहा बस उसकी ओर देखकर मुस्कुरा दी.
अमाया अपनी रोटी का छोटा सा टुकड़ा तोड़ रही थी. राघव ने उसे देखते हुए सोचा, मां से शुरू हुआ यह सिलसिला शायद कभी ख़त्म नहीं होता. फ़र्क़ सिर्फ़ इतना है कि अब उसे समझ आने लगा है कि किसी की चिंता करना जितना सुंदर है, किसी की चिंता को समझना और उसका हिस्सा बनना भी उतना ही ज़रूरी है.
नीरज कुमार मिश्रा
अधिक कहानियां/शॉर्ट स्टोरीज़ के लिए यहां क्लिक करें – SHORT STORIES
