आदित्य धर (Aditya Dhar) के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधरः द रिवेंज' (Dhurandhar-The Revenge) बॉक्स ऑफिस पर थमने का नाम नहीं ले रही है. फिल्म ने अब तक दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. धुरंधर एक्ट्रेस सारा अर्जुन (Sara Arjun)/इस सक्सेस को एन्जॉय कर रही हैं. बतौर एक्ट्रेस पहली ही फ़िल्म से मिली इस ज़बरदस्त सक्सेस से सारा सातवें आसमान पर हैं. इस सक्सेस के बाद सारा ने अपने पापा (Sara Arjun's father Raj Arjun) के नाम एक इमोशनल मैसेज लिखा है और इस सक्सेस का श्रेय पापा को दिया है.

सारा अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उनके पापा राज अर्जुन एक कविता सुना रहे हैं. यह कविता उन्होंने अपनी बेटी सारा को समर्पित की और बताया कि 2005 में उनकी बेटी सारा के जन्म के बाद उनकी जिंदगी बदल गई. ये वीडियो शेयर करते हुए सारा ने पापा के लिए इमोशनल नोट (Sara Arjun pens emotional note for father) लिखा, "मैंने जितना आपको देखा है, उतना शायद मैंने खुद को भी नहीं देखा होगा. आपने मुझे गिरने तो दिया, पर हर बार गिरने के बाद उठना है, यह ज़रूर सिखा दिया. मैने जो भी सीखा है पापा, वो किताबों से नहीं, आपकी खामोशी से सीखा है."

सारा ने आगे लिखा, "आपने मुझे कभी बड़े बड़े शब्द नहीं दिए, पर जीने का तरीका ज़रूर दिया. आप कहते हैं मैंने आपको संभाला है, पर सच यह है पापा, मैं तो खुद बस आप ही के सिखाए हुए कदमों पर चल रही थी. आज अगर मैं थोड़ा भी कुछ कर पा रही हूं, तो वो आपके सब्र का लिखा हुआ इतिहास है. आप कहते हैं मैं आपकी रोशनी हूं, पर सच यह है पापा, वो रोशनी आप ही की दी हुई है. मैं जो भी हूँ पापा, वो मैं नहीं हूं, मैं आपसे शुरू हुआ एक सफर हूं. मैं आपकी बेटी नहीं, आपकी कहानी का सबसे सच्चा हिस्सा हूं."

पापा राज अर्जुन बेटी का ये नोट देखकर इमोशनल हो गए हैं और उन्होंने सारा के पोस्ट पर रिएक्ट किया है. उन्होंने लिखा, "सारा बेटा, कुछ यक़ीन ऐसे ही रखे जाते हैं. बिना कहे, बिना जताए. शायद इसीलिए हर बार जब तुम्हें फिर से खड़े होते हुए देखा, तो सुकून महसूस किया. मेरी ख़ामोशियों को आवाज़ देने की ज़रूरत कभी पड़ी ही नहीं, क्योंकि तुम उस ख़ामोशी में भी मुझे पूरा पढ़ लेती थीं. बस अब इस सफ़र को यूं ही मुस्कुराते हुए जीते रहना, बेटा. क्योंकि तुम मेरे लिए सिर्फ़ एक रिश्ता नहीं हो. तुम मेरी रूह का हिस्सा हो."

सारा अली की ये पोस्ट फैंस को बेहद पसंद आ रही है और उनकी इस पोस्ट पर फैंस बेशुमार प्यार बरसा रहे हैं. खासकर पापा के साथ उनकी बॉन्डिंग देखकर फैंस का दिल पिघल रहा है.
