Close

पहला अफेयर- पहली बारिश (Pahla Affair- Pahli Barish)

बारिश शुरू होते ही अनिल को हमेशा वह पीली छतरी याद आ जाती थी. आज भी सुबह से आसमान में बादल घिरे थे. खिड़की के बाहर पहली फुहार गिरी, तो हाथ में पकड़ी चाय की प्याली जैसे कुछ पल के लिए ठहर गई और अनिल कहीं बहुत पीछे लौट गया. इतने साल गुज़र चुके थे कि उस लड़की के चेहरे की धुंधली सी यादें ही बची थीं. दो चोटी, माथे पर छोटी सी बिंदी, किताबों से भरा बैग और बारिश में भीगती हुई पीली छतरी. वे दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे. दसवीं कक्षा में. लड़की आगे वाली कतार में बैठती थी और अनिल पीछे से तीसरी बेंच पर.
उन दिनों प्रेम का मतलब भी कहां समझ आता था? बस इतना पता था कि वह लड़की जिस दिन स्कूल नहीं आती, उस दिन छुट्टी होने में बहुत देर लगती और मन सूना सूना सा लगता था. एक बार वह पूरे तीन दिन नहीं आई थी. अनिल हर सुबह दरवाज़े की तरफ़ देखता, फिर उसकी खाली जगह की तरफ़. चौथे दिन जब वह आई, तो नाक लाल थी और आवाज़ बैठी हुई. अनिल का मन हुआ पूछे कि क्या हुआ, पर होंठ जैसे सिल गए थे. उसने बस इतना किया कि अगले दिन घर से मां का बनाया अदरक वाला गुड़ लाकर चुपके से उसकी कॉपी के पास रख दिया. लड़की ने देखा, इधर-उधर नज़र घुमाई और मुस्कुरा दी. उसे कभी पता नहीं चला कि किसने रखा था. या शायद पता चल गया था.
उसकी एक आदत अनिल को बहुत भाती थी. टिफिन की घंटी बजते ही वह सबसे पहले स्कूल के पीछे वाले नीम के पेड़ के नीचे जाकर बैठती और चिड़ियों के लिए रोटी के टुकड़े बिखेर देती. अनिल दूर खड़ा उसे देखता रहता. एक दिन एक गिलहरी उसके हाथ से टुकड़ा लेकर भागी, तो वह खिलखिलाकर हंस पड़ी. अनिल को लगा कि उसने आज तक इतनी साफ़ हंसी कभी नहीं सुनी. एक दिन स्कूल से निकलते समय तेज़ बारिश आ गई. अनिल के पास छाता नहीं था. वह बरामदे में खड़ा बारिश रुकने का इंतज़ार कर रहा था. बाकी बच्चे भागते हुए निकल गए थे. वह लड़की अपनी पीली छतरी खोलकर उसके पास आकर खड़ी हो गई. “घर नहीं जाना?”
अनिल ने सिर हिला दिया.
“चलो… आगे रास्ते तक साथ चल सकते हो.”
वह शायद उनके बीच की पहली और आख़िरी लंबी बातचीत थी. छतरी छोटी थी और दोनों के कंधे भीग रहे थे. अनिल बार-बार छतरी को उसकी तरफ़ खिसका देता और लड़की बार-बार उसे वापस उसकी तरफ़. दोनों कुछ बोले नहीं, बस बीच-बीच में एक दूसरे को देखकर हंस पड़ते थे. चौराहे पर आकर लड़की रुकी, “मेरा घर उधर है.” उसने छतरी का एक कोना अनिल की तरफ़ थोड़ा और झुकाया, जैसे कुछ कहना चाहती हो, फिर बस मुस्कुराकर मुड़ गई. अनिल वहीं खड़ा उसे जाते देखता रहा, जब तक पीला रंग बारिश के पर्दे में घुल नहीं गया. उस दिन दोनों आधे भीगे हुए घर पहुंचे थे. मां ने डांटा, तो अनिल को बुरा नहीं लगा. उसे तो बस वह पीला रंग याद रह गया था.
कुछ महीनों बाद स्कूल ख़त्म हो गया. अलग कॉलेज, अलग शहर, फिर अलग ज़िंदगी. अनिल ने कभी उसे खोजने की कोशिश नहीं की. शायद उस उम्र में प्रेम इतना मासूम था कि उसे पाने की इच्छा भी नहीं हुई. कभी-कभी पुराने दोस्तों से मुलाक़ात होती, तो कोई उसका नाम ले लेता. कोई कहता कि सुना है उसकी शादी हो गई, कोई कहता किसी दूर शहर में बस गई है. अनिल बस सुनता और मुस्कुरा देता. भीतर कुछ हल्का सा हिलता और फिर शांत हो जाता.
एक शाम अनिल की बेटी रिया, जो दसवीं में पढ़ रही थी, स्कूल से लौटी तो चुप थी. बाहर हल्की बूंदाबांदी हो रही थी. अनिल ने पूछा, “क्या हुआ?”
बेटी ने बैग एक तरफ़ रखा और धीरे से बोली, “पापा, आज एक लड़के ने मुझे छाता दिया था.”
“अच्छा… तो इसमें इतना परेशान होने वाली क्या बात है?”
बेटी ने कहा. “पापा… अगर कोई अच्छा लगे, तो उससे बात करनी चाहिए?”
अनिल कुछ पल उसे देखता रहा. उसे अपनी दसवीं कक्षा याद आ गई. वह बरामदा… वह बारिश… और वह पीली छतरी… उसने बेटी के सिर पर हाथ रखा, “हां, लेकिन पहले यह समझना कि सामने वाला निःस्वार्थ है और मन से तुम्हारी इज़्ज़त करता है या नहीं. जो तुम्हें भीगने से बचाए, पर बदले में कुछ न मांगे, वही सच्चा होता है.”
उसे पहली बार लगा कि उसका पहला प्यार कभी उससे बिछड़ा ही नहीं था. वह तो उसकी ज़िंदगी के किसी शांत कोने में बैठा रहा था और आज उसकी बेटी के सवाल के बहाने फिर से सामने आ गया था.
– तेजस मिश्रा
Photo Courtesy: Freepik

Share this article