देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) अब इंटरनेशनल स्टार बन चुकी हैं. लेकिन अपने चाहने वालों को हमेशा प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ पर्सनल लाइफ की अपडेट देती रहती हैं. वो बिजी एक्ट्रेस होने के साथ ही बेहतरीन मां भी हैं. वो और निक जोनस (Nick Jonas) अपनी बेटी मालती मैरी (Malti Marie) से बेहद प्यार करते हैं और चाहे कितने भी बिजी क्यों न हों, बेटी के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने का कोई मौका नहीं छोड़ते, जिसकी झलक भी वो फैंस के साथ शेयर करते हैं.

ये तो सभी जानते हैं कि प्रियंका-निक की बेटी का जन्म प्रीमेच्योर हुआ था और जन्म के बाद उन्हें 3 महीने से ज़्यादा टाइम तक NICU में रखना पड़ा था. वो दौर कपल के लिए बेहद मुश्किल दौर था. अब एक पॉडकास्ट में प्रियंका ने उस मुश्किल दौर के बारे में बात की है और बताया है कि किस तरह उन दिनों में उन्होंने मंत्रों की शक्ति का सहारा लिया था.

जे शेट्टी पॉडकास्ट में प्रियंका ने बताया कि NICU में निक और उनमें से एक टाइम पर सिर्फ एक को अंदर जाने की अनुमति थी. उन दिनों में उनकी फैमिली ने उन्हें बहुत सपोर्ट किया. निक तो ज़्यादातर टाइम हॉस्पिटल में ही रहते थे. प्रियंका ने बताया कि उस मुश्किल समय में उन्होंने अध्यात्म की मदद ली.

प्रियंका ने कहा, "मेरे पास एक छोटा आईपॉड था, जिसमें मंत्र (Priyanka Chopra played Mahamrityunjay mantra) बजते रहते थे. जैसे महामृत्युंजय मंत्र, गायत्री मंत्र, ओम नमः शिवाय मंत्र. ये मंत्र हल्की आवाज में बेटी के पालने के अंदर चलते रहते. निक बेटी के लिए गिटार बजाते, उसे गाने सुनाते. ऐसा हमने 110 दिनों तक किया. मालती हमारे लिए बहुत प्यारी और कीमती है, शुरुआती महीनों में हमें उसका बहुत ज़्यादा ध्यान रखना पड़ा था."

