बॉलीवुड के दबंग खान की कुछ समय पहले ही रिलीज़ हुई फिल्म में गाना गाने वाले पंजाबी पॉप सिंगर अमन दीप सिंह (Amandeep Singh) के ख़िलाफ एक लड़की ने रेप की शिक़ायत दर्ज कराई है. बता दें कि इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी दिल्ली की एक लड़की अमन दीप पर नौकरी दिलाने, फिर शादी करने का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है. पीड़िता की शिक़ायत के बाद दिल्ली की महरौली पुलिस ने इस पंजाबी सिंगर के ख़िलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

पीड़ित लड़की के मुताबिक़ अमन दीप सिंह से उसकी मुलाकात इवेंट के दौरान एक फाइव स्टार होटल में हुई थी और अमन दीप ने उसे अपने पंजाबी एल्बम में काम देने का वादा करते हुए अपना मोबाइल नंबर उससे एक्सचेंज किया. पीड़ित लड़की के आरोप के अनुसार अमन दीप ने कई बार उससे मुलाक़ात की, लेकिन काम नहीं दिया और फिर उसे शादी का झांसा देकर कई बार उससे शारीरिक संबंध बनाए. बाद में पीड़िता को पता चला कि वो पहले से ही शादीशुदा है.

पीड़िता की मानें तो जब उसने इस बारे में बात करनी चाही तो उसने लड़की का नंबर ब्लॉक कर दिया, फिर उसने मिलने की कोशिश भी की लेकिन नाकाम रही, जिसके बाद लड़की ने पुलिस में शिक़ायत दर्ज कराई है. लेकिन अमन दीप ने दिल्ली की साकेत कोर्ट से अग्रिम ज़मानत ले ली है. बता दें कि अमन दीप सिंह ने हाल ही में सलमान की फिल्म ‘रेस 3’ के लिए गाना गाया है. इसके अलावा उसने हनी सिंह के साथ भी काम किया है.

यह भी पढ़ें: हिना ख़ान के नए म्यूज़िक वीडियो ने इंटरनेट पर लगाई आग
