Close

शहीदों को नमन! 26/11 मुंबई हमले को याद करते हुए अनुपम खेर ने इमोशनल नोट के साथ ये कड़ी बात भी कही… (Salute to the martyrs! Remembering the 26/11 Mumbai attacks, Anupam Kher shared an emotional note—and also delivered a stern message…)

कुछ ज़ख़्म कभी नहीं भरते.. व़क्त के साथ कभी यादों में तो कभी बातों में ताउम्र रिसते नासूर की तरह बरक़रार रहते हैं.. कुछ ऐसा ही था 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुआ आतंकी हमला. इस टैररिस्ट अटैक ने मुंबई ही नहीं पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था.

मेरी सहेली के इस पॉडकास्ट में एडवोकेट उज्जवल निकम से जानें 26/11 और अपराधियों से जुड़ी हैरान कर देने वाली बातें. पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-
https://youtu.be/aAILU6XgCFI?si=A75EujRvne_NfeWl

आज 26/11 को याद करते हुए हर शख़्स अपने-अपने ढंग से आंतकवादी हमले में अपनी जान न्योछावर करने वाले वीरों व लोगों को याद करते हुए अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
अनुपम खेर ने जहां कड़े शब्दों में आतंक पर प्रहार किया, वहीं बहादुर वीर जवानों, शहीदों को नमन भी किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें गेटवे ऑफ इंडिया की तस्वीर के साथ जलती हुई मोमबत्ती है और लिखा है-
26/11
हम मुंबई को याद करते हैं..
कभी मत भूलो.. कभी माफ़ ना करो…

इसी के साथ अनुपम अपनी मन की बात कहते हैं-
26/11 – हमें याद है! मैं 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों में अपनी जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को, और दूसरों की रक्षा के लिए निडर होकर लड़ने वाले बहादुर पुरुषों और महिलाओं को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. ‘होटल मुंबई’ में शेफ ओबेरॉय का क़िरदार निभाने से मैं उस भयानक रात की घटनाओं के और क़रीब आ गया. मैंने पढ़ा कि ताज, वीटी, लियोपोल्ड कैफे और उन जगहों पर क्या हुआ था, जहां हमले किए गए थे. हर नाम और हर आंकड़े के पीछे एक इंसान था, एक परिवार था, दोस्तों का एक दायरा था और एक भविष्य था, जिसे छिन लिया गया. (इसके साथ उन्होंने टूटे हुए दिल की इमोजी डाली).
दुनिया तो आगे बढ़ जाती है, लेकिन जिन परिवारों ने अपना बेटा, बेटी, पति, पत्नी, पिता, भाई, बहन या कोई अपना खोया है, वे हर दिन उस दुख को अपने साथ लेकर जीते हैं. हमें उन्हें याद रखना चाहिए और उनके साथ खड़े होना चाहिए.
आइए, दुनियाभर में आतंकवाद के ख़िलाक़ एकजुट होकर खड़े हों. कभी न भूलें. कभी माफ़ न करें.
अनुपम खेर की बातों ने वाकई झकझोर कर रख दिया. अठाहर साल बाद भी दहशत भरा वो मंज़र आंखों के सामने आ गया.

इसी पर एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने भी बहुत अच्छी बात कही. उन्होंने छब्बीस/ग्यारह के हमले में वीरगति को प्राप्त हुए बलिदानियों को सिर झुकाकर नमन करते हुए कहा कि भारत नफ़रत नहीं प्यार बांटने में विश्‍वास रखता है. हम प्रेम से पूरी दुनिया से आतंकवाद को मिटा देंगे.

विस्फोटक बल्लेबाज क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने लता मंगेशकर जी के गीत ऐ मेरे वतन के लोगों… के साथ मुंबई पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर तुकाराम ओंबले की तस्वीर शेयर कर श्रद्धांजलि दी.  मुंबई आंतकी हमले में आंतकवादी अजमल कसाब को अपनी एक लाठी के बलबूते जान की बाज़ी लगाते हुए तुकाराम ने पकड़ा था. इस संघर्ष में उन्होंने कसाब के एके-47 राइफल की गोली का शिकार बनने के बावजूद उसे नहीं छोड़ा. उनके इस अदम्य साहस और जज़्बे को सभी का सलाम. तुकाराम ओंबले को मरणोपरांत अशोक चक्र से सम्मानित किया गया.

मेरी सहेली के पॉडकास्ट में अजमल कसाब के वकील ने किए कई सनसनीखेज खुलासे, पूरा पॉडकास्ट देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें-

https://youtu.be/nHilcAy2Bjk?si=3opScF-wpQqY6oIe

अनुपम खेर ने अपनी बातों में जिस ‘होटल मुंबई’ फिल्म का ज़िक्र किया था, वो साल 2018 में एंथनी मरास द्वारा निर्देशित एक्शन थ्रिलर थी. यह उस आतंकी हमले में मुंबई के ताज महल पैलेस होटल पर हुए टैररिस्ट अटैक में वहां के एम्प्लॉयी की बहादुरी पर आधारित थी. इसमें अनुपम खेर ने शेफ हेमंत ओबेरॉय का रोल निभाया था. उनके साथ देव पटेल भी अहम् भूमिका में थे.

आज दुनियाभर में आतंकवाद अलग-अलग रूप में दिख रहा है. जैसा की अनुपम खेर और भूमि पेडनेकर ने कहा कि हम सभी एकजुट होकर ही इसका खात्मा कर सकते हैं. यही उम्मीद हर कोई एक-दूसरे से रखता है. 26 नवंबर, 2008 के मुंबई आतंकी हमले में क़रीब 166 से अधिक लोगों की मौत हुई थी व लगभग तीन सौ ज़्यादा लोग घायल हुए थे.
जो नहीं रहे, उन सभी को हमारी भावभीनी श्रद्धांजलि!

* 26/11 को मुंबई में हुआ आतंकी हमला क़रीब साठ घंटे तक चला था. पुलिस व सेना की कार्रवाई में जहां नौ आतंकी मारे गए थे, वहीं टैररिस्ट अजमल कसाब पकड़ा गया था. क़ानूनी प्रक्रिया के बाद उसे साल 2012 में फांसी दे दी गई थी.

Photo Courtesy: Social Media

Share this article