बॉलीवुड के लिए यह अच्छा समय नहीं चल रहा है. इन दिनों बहुत से ब्रेकअप्स के बारे में सुनने को मिल रहा है. दुर्भाग्य की बात यह है कि एक और कपल ने रिलेशनशिप तोड़ दिया है. हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड हीरोइन स्नेहा उल्लाल (Sneha Ullal) की, जो ऐश्वर्या राय बच्चन की तरह दिखती हैं और वे सलमान ख़ान की हीरोइन रह चुकी हैं. आपको बता दें कि स्नेहा ऑल इंडिया मिक्स्ड मैरिटल आर्ट्स एसोसिएशन के चेयरमैन अवि मित्तल (Avi Mittal) के साथ रिलेशनशिप में थीं.

लेकिन सूत्रों के अनुसार, स्नेहा और अवि मित्तल में बातचीत बंद है. वेलेंटाइन्स डे के बाद उनका ब्रेकअप हो गया और स्नेहा उल्लाल फिलहाल सिंगल हैं. कपल से जुड़े करीबी सूत्रों के अनुसार, अवि ने अपने काम पर ज़्यादा समय देना शुरू कर दिया था और इसी वजह से दोनों में अनबन शुरू हो गई थी.


आपको बता दें कि स्नेहा और अवि लंबे समय से दोस्त थे और फिर धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया. उनका रिलेशनशिप काफ़ी गहरा था और उन दोनों के घरवालों को इसकी जानकारी थी. यहां तक कि अवि के घर में होनेवाले फंक्शन्स में स्नेहा हमेशा शामिल होती थीं. ऐसे में उनका रिश्ता टूट जाना बेहद दुख भरी खबर है. अब देखना यह है कि दोनों के बीच का मनमुटाव खत्म हो जाता है या वे हमेशा के लिए अलग हो गए हैं.

काम की बात करें तो स्नेहा उल्लाल ने 2005 में सलमान ख़ान की फिल्म लकी-नो टाइम फॉर लव से बॉलीवुड में कदम रखा था. उनकी शक्ल ऐश्वर्या राय से काफ़ी मिलती-जुलती थी, जिसके कारण स्नेहा काफी चर्चा में रहीं. उसके बाद स्नेहा ने सोहेल ख़ान स्टारर आर्यन में काम किया, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस में कमाल नहीं दिखा पाई. चूंकि स्नेहा की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर नहीं चलीं, इसलिए वे तेलगू फिल्म इंडस्ट्री में शिफ्ट हो गईं. तेलगू में दो-तीन फिल्में करने के बाद उन्होंने 2015 में फिर से बॉलीवुड में फिल्म बेज़ुबां इश्क के साथ भाग्य आज़माया, लेकिन यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस में लुढ़क गई.
