Close

हैप्पी बर्थडेः अनुपम खेर- मैं अपनी ज़िंदगी के इंटरवल पर खड़ा हूं… (Happy Birthday: Anupam Kher- Main Apni Zindagi Ke Interval Par Khada Hun…)

अनुपम खेर ने अपने अभिनय से हमें हंसाया, रुलाया और डराया भी है. उनकी बातें और मां दुलारी के साथ की उनकी बॉन्डिंग लोगों को हमेशा ही भावुक करती हैं. मां के साथ की उनके वीडियोज़ को दर्शक हमेशा से ही ख़ूब पसंद करते रहे हैं.

वाक़ई ग़ज़ब का प्यार, मनुहार, शरारत, नोक-झोंक देखने मिलती है दोनों के बीच, बिल्कुल एक आम परिवार की तरह. आज अनुपमजी ने अपने जन्मदिन पर भी हैप्पी बर्थडे टू मी... कहते हुए गुगली मारी है. उन्होंने अपने फिल्मी करियर को लेकर तमाम बातें करने के साथ-साथ उनकी निर्देशित फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ देखने की ब्लैकमेलिंग भी ख़ूब की है. लेकिन उनकी यह शराफ़त से की गई बदमाशी प्यारी है और दिल को छूती भी है.

यह भी पढ़ें: अनुपम खेर की इन दिलचस्प बातों में गहराई भी है और ज़िंदगी जीने का फ़लसफ़ा भी… (These interesting things about Anupam Kher have depth and also a philosophy of life…)

वे कहते हैं-

हैप्पी बर्थडे टू मी... आज मेरा जन्मदिन है. मैं 71 साल का हो गया हूं. इस उम्र में आकर मुझे लग रहा है कि मैं अपनी ज़िंदगी के इंटरवल पर खड़ा हूं. पहला हिस्सा संघर्षों, सीखने और अद्भुत अनुभवों से भरा रहा. भगवान दयालु रहे हैं और आप दर्शकों ने हमेशा मुझे इतना प्यार दिया कि मैं हर बार ख़ुद को फिर से गढ़ने की हिम्मत कर पाया. मैं हमेशा मानता हूं कि रिइंवेशन ही ज़िंदगी की असली ऊर्जा है. इसलिए आज भी मैं अपने आपको एक स्टूडेंट की तरह देखता हूं! सीखते हुए, बदलते हुए, आगे बढ़ते हुए... आप सबके प्यार के लिए दिल से धन्यवाद! और अगर आप मुझे जन्मदिन का कोई तोहफ़ा देना चाहते हैं तो मेरी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ एमेजन प्राइम पर देख लीजिए. मैं जानता हूं इसको इमोशनल ब्लैकमेल कहते हैं. हां है. पर मैं बर्थडे बॉय भी तो हूं. एक कलाकार के लिए इससे बड़ा उपहार क्या होगा कि जिन लोगों के लिए उसने इतने साल काम किया, वही लोग उसकी नई कहानी देखें. इंटरवल हो चुका है... अब असली पिक्चर शुरू होती है. तो चलो बैठो घरवालों के साथ और देखिए तन्वी द ग्रेट...

https://www.instagram.com/reel/DVkcuTpggwB/?igsh=MWpleDY5aWxhdWFwYw==

अनुपम खेर का बर्थडे गिफ्ट मांगने और अपनी फिल्म को देखने के लिए इसरार करने का यह अंदाज़ उनके फैंस को बेहद पसंद आ रहा है. वे उन्हें जन्मदिन की बधाइयां देने के साथ-साथ ‘तन्वी द ग्रेट’ देखने की हामी भी भर रहे हैं.

अनुपम खेर ने अपनी इस फिल्म को लेकर निर्देशक रमेश सिप्पी अभिनेता रवि किशन का भी आभार प्रकट किया.

दरअसल, उन्होंने इसकी तारीफ़ करते हुए ख़ूबसूरत संदेश दिए, जिसे अनुपम जी ने अपने और उनकी टीम के लिए प्रोत्साहन से भरपूर बताया.

जन्मदिन की बधाई बेटे सिकंदर ने भी दिलचस्प तरी़के से देते हुए अनुपम के साथ प्यारी तस्वीरें भी साझा कीं. बकौल सिकंदर-

जन्मदिन मुबारक हो खेर साहब! आपको अच्छी सेहत मिले और आपकी हर मनोकामना पूरी हो. आप हमेशा प्रेरणा देते हैं, चाहे काम में हो, ख़ुद को नए सिरे से गढ़ने में हो या लगातार सीमाओं को तोड़ने की कोशिश में. आगे भी और भी सफलताएं हासिल करते रहें और पहले से कहीं अधिक ऊंचाइयों को छूते रहें! ढेर सारा प्यार! हमेशा...

https://www.instagram.com/p/DVkZ6NmE_pM/?igsh=cWhqNTNkY3RlNGc2

सिकंदर का पिता के प्रति ये लगाव और प्यार प्रशंसकों को भी भावविभोर कर रहा है.

अनुपम खेर ने अपने बयालिस साल के फिल्मी करियर में क़रीब साढ़े पांच सौ से अधिक फिल्मों में काम किया. साथ ही ‘कुछ भी हो सकता है... उनके शो की पांच सौ प्रस्तुति भी अब तक कर चुके हैं, जिसे देश-विदेश में ख़ूब पसंद किया गया. इन दिनों वे अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ को देखने की क़ाफ़ी ज़ोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. वैसे भी यह एक भावपूर्ण सार्थक फिल्म है.

ऑटिज़्म से पीड़ित तन्वी किस तरह अपने पिता का ख़्वाब पूरा करने के लिए हर उतार-चढ़ाव से गुज़रती है, देखने क़ाबिल है. यह फिल्म सीख देती है कि इस तरह के बच्चों की संवदेनशीलता और मनोभाव को समझते हुए उनके साथ किस तरह व्यवहार करना चाहिए. यदि हम सब मिलकर सुलझे ढंग से और उदारता के साथ इसे जानें-समझें तो शायद ही कोई बच्चा इस बीमारी से पीड़ित रह पाएगा. इसलिए आज ज़रूरत है इसे समझने और जीवन में सूझबूझ के साथ लागू करने की.

अनुपम जी को जन्मदिन की ढेर सारी बधाइयां और शुभकामनाएं! वे यूं ही अपने अभिनय से हमें हंसाते और मनोरंजन करते रहें. अपनी प्रेरणादायी बातों और कार्यों से प्रेरित करते रहें. सच में, उनका सकारात्मक दृष्टिकोण हमेशा ही हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत रहा है. हैप्पी बर्थडे! जय हो!

- ऊषा गुप्ता

यह भी पढ़ें: मां रोज़ सुबह फोन करके पूछती है, “कैसा है तू?…” मां दुलारी की बातों से अनुपम खेर ने इमोशनल कर दिया हर किसी को… (Mother calls every morning and asks, “How are you?” Anupam Kher made everyone emotional with his mother Dulari’s words…)

Photo Courtesy: Social Media

Share this article