Close

इंद्रधनुषी रंगों से आगे: इस सीजन अपनाएं फ्रेश ब्राइडल मेकअप ट्रेंड्स (Beyond Rainbow Colors: Embrace Fresh Bridal Makeup Trends This Season)

बदलते समय के साथ ब्राइडल मेकअप के ट्रेंड्स भले ही बदल रहे हों, लेकिन एक बात आज भी उतनी ही महत्वपूर्ण है कि सबसे ख़ूबसूरत ब्राइडल लुक वही है, जिसमें दुल्हन ख़ुद को सहज, आत्मविश्वासी और बिल्कुल अपने जैसा महसूस करे.

दुल्हन का मेकअप केवल उसके लिबास की ख़ूबसूरती बढ़ाने के लिए नहीं होता, बल्कि उसकी नैसर्गिक सुंदरता को निखारने, उसकी पर्सनैलिटी को उभारने और शादी के हर भावुक पल, पहली झलक से लेकर विदाई तक उसे आत्मविश्वास से भरपूर दिखाने का माध्यम भी होता है. इस सीजन फ्रेश ब्राइडल मेकअप ट्रेंड्स अपनाने को लेकर लैक्मे एकेडमी पावर्ड बाय एप्टेक के एक्सपर्ट्स ने ख़ास सुझाव दिए हैं.

Bridal Makeup Trends

आज की दुल्हनें पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर रंगों, नए प्रयोगों और अपनी अलग पहचान को अपनाने लगी हैं. अब भारी-भरकम मेकअप की जगह हल्का, फ्रेश और ग्लोइंग लुक ज़्यादा पसंद किया जा रहा है, जो हर दुल्हन की व्यक्तिगत ख़ूबसूरती को उभारता है. चाहे आपकी शादी पारंपरिक हो या डेस्टिनेशन वेडिंग, ये एक्सपर्ट टिप्स आपको मॉडर्न, एलिगेंट और टाइमलेस ब्राइडल लुक पाने में मदद करेंगे.

मेकअप से पहले त्वचा का रखें ख़ास ख़्याल

बेहतरीन ब्राइडल मेकअप की शुरुआत शादी वाले दिन नहीं, बल्कि कई हफ़्ते पहले से हो जाती है. स्वस्थ और हाइड्रेटेड त्वचा मेकअप के लिए सबसे अच्छा कैनवास होती है, नियमित रूप से चेहरे की सफ़ाई, मॉइश्चराइजिंग, हल्की एक्सफोलिएशन और सनस्क्रीन का इस्तेमाल त्वचा को प्राकृतिक रूप से निखारता है.

शादी से कुछ दिन पहले किसी नए स्किनकेयर प्रोडक्ट या ट्रीटमेंट को आज़माने से बचें, क्योंकि इससे एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. बेहतर होगा कि त्वचा की प्राकृतिक नमी और संतुलन बनाए रखने पर ध्यान दें.

यह भी पढ़ें: 5 ट्रेंडी  बॉलीवुडस्टाइल ब्राइडल बन, जो इस वेडिंग सीज़न के लिए हैं एकदम परफेक्ट (5 Trendy  BollywoodStyle Bridal Bun, Which Is Perfect For This  WeddingSeason)

रंगों से करें दोस्ती, लेकिन संतुलन के साथ

आजकल ब्राइडल मेकअप केवल न्यूड शेड्स तक सीमित नहीं है. सॉफ्ट पिंक, पीच, कोरल, शैम्पेन और हल्के लैवेंडर जैसे रंग आंखों, गालों और होंठों पर बेहद ख़ूबसूरत लगते हैं. ये चेहरे को फ्रेशनेस और निखार देते हैं, बिना लुक को ओवरड्रामेटिक बनाए.

ध्यान रहे कि अगर आंखों पर रंगों का इस्तेमाल ज़्यादा किया गया है, तो होंठों को हल्का और सॉफ्ट रखें.

वहीं यदि बोल्ड लिपस्टिक लगाना चाहती हैं तो आंखों का मेकअप हल्का रखें. यही संतुलन आपके पूरे लुक को आकर्षक और शालीन बनाए रखेगा.

भारी फाउंडेशन नहीं, नेचुरल ग्लो को दें प्राथमिकता

बहुत अधिक फाउंडेशन लगाने से चेहरा वास्तविकता और कैमरे दोनों में केकी नज़र आ सकता है. आज का ट्रेंड हल्के, स्किन-लाइक कवरेज का है, जो त्वचा की प्राकृतिक ख़ूबसूरती को छिपाने की बजाय उसे निखारता है

फाउंडेशन लगाने से पहले ल्यूमिनस प्राइमर का इस्तेमाल करें और जहां ज़रूरत हो, वहीं अतिरिक्त कवरेज दें. क्रीम ब्लश और लिक्विड हाईलाइटर त्वचा में आसानी से घुल-मिल जाते हैं और चेहरे पर अंदर से आने वाली प्राकृतिक चमक का एहसास देते हैं.

याद रखें, असली ग्लो वही है जो सहज और प्राकृतिक दिखाई दे, न कि ज़रूरत से ज़्यादा चमकदार.

आंखों की ख़ूबसूरती ही बने आपकी पहचान

ब्राइडल मेकअप में सबसे ज्यादा ध्यान आंखों पर जाता है, ख़ासकर तस्वीरों में. इसलिए बहुत गहरे स्मोकी आई मेकअप की बजाय हल्के ब्लेंडेड आईशैडो, सॉफ्ट आईलाइनर और नाज़ुक शिमर का चुनाव करें.

शैम्पेन गोल्ड, रोज़ गोल्ड, ब्रॉन्ज और सॉफ्ट ब्राउन जैसे शेड्स भारतीय त्वचा पर बेहद ख़ूबसूरत लगते हैं और लगभग हर तरह के ब्राइडल आउटफिट के साथ आसानी से मेल खाते हैं.

साथ ही आइब्रो को ज़रूरत से ज़्यादा गहरा या शार्प बनाने की बजाय उन्हें हल्के हाथों से भरें, ताकि चेहरा स्वाभाविक और संतुलित दिखाई दे.

Bridal Makeup Trends

लंबे समय तक टिके ऐसा हो मेकअप

शादी का उत्सव कई घंटों तक चलता है. रस्में, फोटोग्राफी, डांस और भावुक पल- इन सबके बीच मेकअप का लंबे समय तक टिके रहना बेहद ज़रूरी है.

इसके लिए लॉन्ग-वियर फाउंडेशन, वॉटरप्रूफ मस्कारा, ट्रांसफर-रेजिस्टेंट आईलाइनर और अच्छी क्वालिटी के सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल करें. साथ ही ब्लॉटिंग पेपर भी अपने पास रखें, जिससे अतिरिक्त ऑयल हटाया जा सके और मेकअप ख़राब भी न हो. दुल्हन के टच-अप किट में लिपस्टिक, कॉम्पैक्ट, टिश्यू और ब्लॉटिंग शीट्स ज़रूर शामिल करें.

यह भी पढ़ें: ख़ूबसूरती की दुश्मन हैं ये 10 बुरी आदतें (The 10 bad habits are the enemy of beauty)

मेकअप को आउटफिट से प्रेरित करें, उसकी नकल नहीं

अक्सर दुल्हनें अपने मेकअप का हर रंग आउटफिट से बिल्कुल मैच करने की कोशिश करती हैं, जबकि इसकी ज़रूरत नहीं होती. अगर आपका लहंगा या गाउन पेस्टल रंगों का है तो सॉफ्ट रोज़ी और पीच टोन बेहद ख़ूबसूरत लगेंगे. वहीं लाल, मैरून या ज्वेल टोन वाले परिधानों के साथ ब्रॉन्ज आई मेकअप और न्यूड या बेरी शेड की लिपस्टिक शानदार कॉम्बिनेशन बनाते हैं. मक़सद यह होना चाहिए कि पूरा लुक एक-दूसरे के साथ सहज और संतुलित दिखाई दे.

हर ट्रेंड आपके लिए जरूरी नहीं

रेनबो इंस्पायर्ड मेकअप, ग्लॉसी लिप्स, मोनोक्रोमैटिक लुक और ल्यूमिनस फिनिश इस सीजन के लोकप्रिय ट्रेंड्स हैं, लेकिन हर ट्रेंड हर दुल्हन पर अच्छा लगे, यह ज़रूरी नहीं.

मेकअप का उद्देश्य आपके चेहरे की ख़ूबसूरती को निखारना होना चाहिए, उसे पूरी तरह बदलना नहीं. इसलिए शादी से पहले एक ब्राइडल मेकअप ट्रायल ज़रूर करवाएं. इससे अलग-अलग लुक्स को परखने, कैमरे में उनका प्रभाव देखने और समय रहते ज़रूरी बदलाव करने का अवसर मिल जाता है. साथ ही शादी वाले दिन किसी भी तरह की घबराहट या सरप्राइज़ से भी बचा जा सकता है.

आत्मविश्वास है सबसे ख़ूबसूरत मेकअप

दुनिया का सबसे बेहतरीन मेकअप भी आत्मविश्वास की जगह नहीं ले सकता. असली ब्राइडल ब्यूटी परफेक्ट दिखने में नहीं, बल्कि ख़ुद को ख़ूबसूरत, सहज और ख़ुश महसूस करने में है.

सबसे यादगार ब्राइडल लुक वही होता है, जो दुल्हन की अपनी पहचान को बनाए रखते हुए उसकी प्राकृतिक सुंदरता को और भी निखार दे.

आज जब ब्राइडल मेकअप पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़ चुका है, तब व्यक्तिगत पसंद, सादगी और एलिगेंस ही इसकी सबसे बड़ी पहचान बन चुके हैं.

यदि आप स्वस्थ त्वचा, संतुलित रंगों, लंबे समय तक टिकने वाले प्रोडक्ट्स और क्लासिक मेकअप तकनीकों पर भरोसा करेंगी, तो आपका ब्राइडल लुक न केवल आज के ट्रेंड्स के अनुरूप होगा, बल्कि वर्षों बाद भी उतना ही ख़ूबसूरत और यादगार नज़र आएगा.

आख़िरकार, शादी के दिन ख़ूबसूरत दिखना ही काफ़ी नहीं, बल्कि उस दिन के हर अनमोल पल को पूरे आत्मविश्वास और मुस्कान के साथ जीना ही सबसे बड़ी ख़ूबसूरती है.

Bridal Makeup Trends

Share this article