हर बहस जीतना ज़रूरी नहीं,
हर रिश्ता बचाना ज़्यादा ज़रूरी है...
क्या हर बात पर बहस करना आपकी आदत बन गई है?
'किसी को भी कुछ नहीं मिला और युद्ध समाप्त हो गया.' यह पंक्ति केवल देशों के युद्ध पर नहीं, बल्कि हमारे घर-परिवार के छोटे-छोटे झगड़ों पर भी उतनी ही सटीक बैठती है. पति-पत्नी, सास-बहू, भाई-बहन, सहेलियां या सहकर्मी, हर रिश्ते में कभी न कभी मतभेद आते हैं, लेकिन जब हर मतभेद अहंकार की लड़ाई बन जाए, तब रिश्तों की गर्माहट धीरे-धीरे ख़त्म होने लगती है.
आज सोशल मीडिया और भागदौड़ भरी ज़िंदगी ने लोगों का धैर्य कम कर दिया है. हर व्यक्ति अपनी बात को सही साबित करने में लगा है, जबकि सामने वाले को समझने की कोशिश बहुत कम लोग करते हैं.
आख़िर हम झगड़ते क्यों हैं?
मनोवैज्ञानिकों के अनुसार, झगड़ों की जड़ केवल मतभेद नहीं होती, बल्कि कई बार हमारे भीतर छिपी असुरक्षा, तनाव और अहंकार भी इसका कारण बनते हैं. जो व्यक्ति स्वयं को हमेशा सही मानता है, वह दूसरों की बात सुनने की बजाय उन्हें ग़लत साबित करने में ऊर्जा ख़र्च करता है.
कई बार अंदर का तनाव भी छोटी-सी बात को बड़े विवाद में बदल देता है. परिणाम यह होता है कि शब्दों के तीर रिश्तों को घायल कर देते हैं.
शब्दों से शुरू होते हैं बड़े युद्ध
इतिहास गवाह है कि अधिकांश बड़े संघर्ष तलवारों से पहले शब्दों से शुरू हुए हैं. घरों में भी ऐसा ही होता है. एक कटु वाक्य, एक ताना या एक अपमानजनक टिप्पणी वर्षों पुराने रिश्ते में दरार डाल सकती है. आज लोगों के पास जानकारी बहुत है, लेकिन संयम कम है. सामने वाला अपनी बात पूरी करे, उससे पहले ही हम अपनी दलील देने लगते हैं. यही अधीरता विवाद को जन्म देती है.
यह भी पढ़ें: जीने की कला- सीखें कहने और सुनने की कला… (The art of living – learn the art of speaking and listening…)
कम बोलना भी एक कला है
महान संतों और चिंतकों ने हमेशा संयमित वाणी का महत्व बताया है. कम बोलने का अर्थ चुप रहना नहीं, बल्कि सही समय पर सही शब्दों का चयन करना है. हर विषय पर राय देना आवश्यक नहीं होता. कई बार मौन सबसे प्रभावशाली उत्तर होता है. जो व्यक्ति सुनना जानता है, वही रिश्तों को लंबे समय तक निभा पाता है.
हर बहस में जीतकर भी हार सकते हैं
झगड़े में यदि आप अपनी बात मनवा भी लें, तब भी ज़रूरी नहीं कि आपने वास्तव में जीत हासिल की हो. कई बार बहस जीत जाती है, लेकिन रिश्ता हार जाता है. सम्मान, विश्वास और अपनापन एक बार टूट जाए तो उसे दोबारा जोड़ना आसान नहीं होता. इसलिए हर बहस से पहले स्वयं से एक प्रश्न पूछें, क्या मुझे सही साबित होना है या रिश्ता बचाना है?
झगड़ों से बचने के आसान उपाय
प्रतिक्रिया नहीं, जवाब दें: किसी की बात सुनते ही तुरंत पलटवार कहने की बजाय कुछ क्षण रुकें. सोच-समझकर दिया गया उत्तर हमेशा बेहतर होता है.
अहंकार को पीछे रखें: जीवन में पद, पैसा या प्रतिष्ठा से बड़ा इंसानियत का मूल्य है. विनम्रता रिश्तों को मज़बूत बनाती है.
अपेक्षाएं कम करें: हर व्यक्ति आपकी सोच के अनुसार व्यवहार करेगा, यह ज़रूरी नहीं. अपेक्षाएं जितनी कम होंगी, निराशा और विवाद भी उतने ही कम होंगे.
सुनने की आदत विकसित करें: केवल बोलना ही संवाद नहीं है. सामने वाले की भावनाओं को समझना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.
तनाव को ख़ुद पर हावी न होने दें: पर्याप्त आराम, सकारात्मक सोच और आत्मनियंत्रण व्यक्ति को अनावश्यक विवादों से दूर रखते हैं.
यह भी पढ़ें: ग़ुस्सा कम करने और मन शांत करने के आसान उपाय (Anger Management: How To Deal With Anger)
यही है सच्ची जीत
हर महिला परिवार की धुरी होती है. उसके धैर्य, मधुर वाणी और समझदारी से पूरा घर खुशहाल बन सकता है. इसका अर्थ यह नहीं कि वह अपनी बात न रखे, बल्कि अपनी बात सम्मान और शांति के साथ रखे.
याद रखिए, युद्ध कभी स्थाई शांति नहीं देता. चाहे वह दो देशों के बीच हो या दो दिलों के बीच. सच्ची जीत वही है, जिसमें अहंकार नहीं, बल्कि प्रेम, धैर्य और संवेदनशीलता की विजय हो. जब हम बहस जीतने की बजाय रिश्ते बचाने का निर्णय लेते हैं, तभी जीवन वास्तव में सुंदर बनता है. दुनिया को आज भी युद्ध नहीं, बुद्ध की आवश्यकता है!
- स्नेहा सिंह
Photo Courtesy: Freepik
