Close

हैप्पी दिवाली… सेफ दिवाली…रखें इन बातों का ख़्याल… (Happy Diwali… Have a safe Diwali… Keep these points in mind)

प्रकाश पर्व दीपावली एकदम करीब है. हर कोई उमंग-उत्साह के साथ तैयारियों में लगे हैं. लेकिन आपकी दिवाली ख़ुशियों भरी सुरक्षित हो, इसके लिए कुछ छोटी-छोटी का ध्यान रखना भी ज़रूरी है, ताकि आपकी दिवाली हैप्पी और सेफ हो.

Happy Diwali

* जब भी दीपावली की बात होती है, तो सबसे ज़रूरी बात जो हर किसी के दिलोदिमाग़ में आता है, वो है घर की साफ़-सफ़ाई. कोशिश करें कि दिवाली से पहले घर की गैरज़रूरी चीज़ें, कबाड़, पुराने टूटे-फूटे सामान निकाल दें. किचन के कोनों, कैबिनेट आदि की ख़ास ़क्लीनिंग करें, क्योंकि त्योहारों में भोजन की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. यदि घर में बहुत से पुराने गंदे कपड़े भी आपने इकट्ठा करके रखे हैं, तो उन्हें भी याद से डिस्कार्ड करें.

* अपने घर के मेन डोर यानी मुख्यद्वार पर अशोक के पत्तों के वंदनवार या फिर आम के पत्तों की तोरण ज़रूर लगाएं. साथ ही ख़ूबसूरत रंगोली बनाना न भूलें.

* लक्ष्मी पूजन के समय लक्ष्मी जी व गणेश भगवान की मूर्ति या तस्वीर लाल या पीले रंग के कपड़ों से बिछाई गई चौकी पर रखें. हां, ध्यान रहे कि मूर्ति का मुख पूर्व या फिर पश्‍चिम दिशा में हो.

* देवी लक्ष्मी जी की पूजा में घी का ही दीया जलाएं. साथ ही अपने घर के मुख्यद्वार, किचन, तुलसी व पीपल के पास भी दीया अवश्य जलाएं.

* दीपावली पर सात्विक भोजन बनाकर भगवान को भोग लगाएं.

* तीज-त्योहारों पर दान करना पुण्य का काम होने के साथ फलित भी होता है. इसलिए दीपावली पर किसी ज़रूरतमंद व गरीब लोगों की मदद करें. उन्हें मिठाइयां, तोह़फे या फिर आवश्यक वस्तुएं दान करें.

* दीपावली पर कंफर्ट वाले सूती, कॉटन कप़ड़े पहनना बेहतर रहता है. सिंथेटिक, पॉलिस्टर आउटफिट रिस्की रहते हैं. इन कपड़ों में आग बहुत जल्दी पकड़ती है.

* यदि आप साड़ी, लंबी ओढ़नी वाले ड्रेसेस या फिर बहुत लूज़ ड्रेसेस पहन रही हैं, तो पटाखे व दीयों वाले स्थानों पर सावधानी रखें.

* दीयों से घर सजाते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि दीये व मोमबत्ती पर्दों, काग़ज़, किताबें, प्लास्टिक, बिजली के तार, ज्वलनशील वस्तुओं आदि से दूर हों.

यह भी पढ़ें: रूपाली गांगुली- उन्होंने ऊपर जाकर कुछ सेटिंग की… (Rupali Ganguly- Unhone Upar Jakar Kuch Setting Ki…)

* दीयों के पास छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ें.

* इलेक्टिक लाइट्स, बिजली की लड़ियों, तोरण आदि को धातु के खंभों पर न बांधें, वरना करंट लगने का रिस्क रहता है.

* सोने से पहले एक बार पूरे घर का राउंड लेकर यह देख लें कि सभी दीये सुरक्षित हैं और रातभर जलते रहने के लिए उनमें पर्याप्त तेल/घी है या नहीं.

* फर्स्ट एड किट घर में ज़रूर रखें, ताकि समय पर प्राथमिक उपचार में मदद मिल सके.

* आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय फायर ब्रिगेड व क़रीबी हॉस्पिटल के फोन नंबर अपने पास अवश्य रखें.

Happy Diwali

हेल्थ अलर्ट
– कोशिश करें कि फेस्टिवल पर अधिकतर घर की बनी मिठाइयां खाएं. दरअसल, दिवाली पर नकली व मिलावटी स्वीट्स का काफ़ी बोलबाला रहता है. ऐसे में सेहत के साथ खिलवाड़ करना ठीक नहीं. तो क्यों न बाज़ार की मिलावटी मीठे से बेहतर घर पर ही फ्रेश खीर, संदेश या मखाना की खीर कम शक्कर वाले मीठे बनाए जाए.- मेहमानों को तली-भुनी चीज़ों की जगह पर ड्रायफ्रूट्स, जैसे- बादाम, काजू, किशमिश, अन्य सूखे मेवे दें. ये सेहत के साथ-साथ एनर्जी लेवल को भी बढ़ाते हैं.
– अक्सर देखा गया है कि दिवाली की तमाम भागदौड़ के बीच हम पर्याप्त पानी पीना ही भूल जाते हैं. इससे डिहाइड्रेशन का ख़तरा रहता है. ऐसा बिल्कुल भी न करें. दिनभर ख़ुद को हाइड्रेट रखें. पानी, नींबू पानी, नारियल पानी आदि लेते रहें.
– फेस्टिवल में भोजन में फाइबर व प्रोटीन युक्त चीज़ों को ज़रूर शामिल करें, जैसे- मूंग दाल, ताज़ी सब्ज़ियां, पनीर, स्प्राउट्स, फल आदि. इससे त्योहार के मौसम में डायजेस्टिव सिस्टम बेहतर रहता है.
– दिवाली पर ज़रूरत से अधिक खाने-पीने से बचें. हमेशा पोर्शन कंट्रोल पर फोकस रखें. इससे बदहजमी, अपच आदि की परेशानी नहीं होगी.
– यदि आपको डायबिटीज़, हार्ट प्रॉब्लम है, तो चाशनी में डूबी मिठाइयों, तली हुई, तीखी मसालेदार चीज़ों को अधिक खाने से बचें.
– दिवाली पर अधिकतर लोग लंबे समय से रखी हुई मिठाइयां, स्नैक्स, बासी चीज़ों को खाने का मोह छोड़ नहीं पाते. ऐसा न करें. इससे पेट का इंफेक्शन होने का ख़तरा रहता है.
– कोल्ड ड्रिंक्स व अधिक स्वीटनर वाले पेय पदार्थों से दूर रहें.
– दीपावली पर पटाखों की वजह से पॉल्यूशन बहुत होता है. ऐसे में सांस के मरीज़ों, अस्थमा पीड़ित, बुज़ुर्ग, छोटे बच्चों को मास्क लगाकर घर से बाहर निकलना चाहिए.

Happy Diwali

सेफ दिवाली भी है ज़रूरी
– पटाखों को हमेशा घर के बाहर खुली जगहों पर ही जलाएं.
– छोटे बच्चों के साथ बड़े लोग ज़रूर रहें. वे उनकी देखरेख में पटाखे फोड़ने का आनंद लें.
– इमर्जेंसी की स्थिति के लिए पानी की बाल्टी या रेत और फायर एक्सटिंग्विशर अवश्य रखें.
– क्रैकर्स जलाते समय आंखों की सेफ्टी का ख़्याल रखें. यदि मुनासिब हो तो चश्मा पहनें.
– क्रैकर्स जलाते करते समय कॉटन आउटफिट पहनना सेफ रहता है. ढीले-ढाले नहीं, बल्कि फिटिंग वाले कपड़े पहनें. कभी भी सिल्क, सिंथेटिक, नायलॉन, पॉलिस्टर आदि ड्रेसेस पहनने से बचें.

यह भी पढ़ें: सेलेब्स ने इस ख़ूबसूरत अंदाज़ में दीपावली की बधाइयां दीं.. कैटरीना-विक्की ने भी बेटे की झलक दिखाई… (Celebs extended Diwali wishes in such a beautiful way… Katrina and Vicky also offered a glimpse of their son…)

– इसके अलावा पटाखे जलाते समय जूते-चप्पल भी ज़रूर पहनें.
– पशु-पक्षी, अन्य जानवर जैसे कुत्ते, बिल्ली पटाखों के शोर से परेशान से हो जाते हैं. ऐसे में ध्यान रहें कि आपके पटाखे फोड़ने से इन बेज़ुबान एनिमल्स को डर न लगे. कभी भी उनके क़रीब या उनकी तरफ़ करके पटाखे न जलाएं. अपने पेट्स यानी पालतू जानवरों को शांत व सुरक्षित स्थान पर रखें, ताकि क्रैकर्स से वे घबरा न जाएं.
– एक बार में पटाखा न जले, तो उसके पास दोबारा जाने की कोशिश न करें और न ही उसे दोबारा जलाने का प्रयास करें.
– हेल्थ व पर्यावरण का ख़्याल रखते हुए ग्रीन क्रैकर्स जलाना अच्छा ऑप्शन है, क्योंकि इनसे शोर कम होने के साथ-साथ धुआं भी कम निकलता है.
– आतिशबाज़ियों का आनंद लेते समय छोटे बच्चों, गर्भवती स्त्रियों, बुज़ुर्गों, अस्थमा, सांस के मरीज़ों का ख़्याल ज़रूर रखें. कोशिश करें कि आपके पटाखों से उन्हें परेशानी न हो.
 – ऊषा गुप्ता

Happy Diwali

 

Sources: Shutterstock

Share this article