फरहान अख्तर (Farhan Akhtar) की फिल्म 'डॉन 3' (Don 3) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. प्रोड्यूसर और एक्टर के बीच हुआ आपसी मतभेद ('Don 3' controversy) अब कोर्ट तक पहुंच गया है. रणवीर के फिल्म से बाहर होने के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने एक्टर पर बैन लगाने का ऐलान किया था. इस बैन को लेकर कई बॉलीवुड सेलेब्स अपनी अपनी राय रख चुके हैं. अब बॉलीवुड की क्वीन कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने भी इस बारे में रिएक्ट किया है और रणवीर को सपोर्ट (Kangana Ranaut supports Ranveer Singh) करती दिखी हैं.

बीते दिन कंगना रनौत की आने वाली फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' (Kangana Ranaut's film Bharat Bhhagya Viddhaata) का ट्रेलर लॉन्च था, जहां कंगना ने मीडिया से बातचीत की. अपने बेबाक अंदाज़ के लिए मशहूर कंगना ने यहां भी बिंदास बातें की. उनसे जब रणवीर सिंह को बैन करने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने इशारों में कहा कि ये 'धुरंधर' की सक्सेस का नतीजा है.

कंगना ने कहा, "मुझसे इस विषय पर सवाल पूछना दिलचस्प है. मुझे भी सभी ने बैन किया था. देखिए जब आपकी हैसियत बढ़ती है, तो दुश्मन भी बढ़ते हैं. ऐसा नामुमकिन है कि आपकी हैसियत बढ़े और दुश्मन न बढ़ें. ऐसे में रणवीर सिंह को समझना चाहिए कि उनकी क्या हैसियत है, जो उनके इतने दुश्मन हैं.''

कंगना ने आगे कहा, "जीवन में हमेशा एक जैसे हालात नहीं रहते. सफलता के साथ संघर्ष भी आते हैं. मेरे साथ भी फिल्म इंडस्ट्री में बहुत कुछ हुआ, लेकिन मैंने काम करना नहीं छोड़ा. मैं अच्छा कर रही हूं, मेरे करियर की गाड़ी अच्छी चल रही है. ऐसे फैसलों से कुछ फर्क नहीं पड़ता.''

उन्होंने कहा, "जब आप जिंदगी में आगे बढ़ते हैं, तो कई तरह की रुकावटें आती हैं. आपको हमेशा सीधा रास्ता नहीं मिलता. मेरे साथ भी बहुत कुछ हुआ है, लेकिन देखिए आज मैं कहां हूं. मेरी गाड़ी भी अच्छी चल ही रही है. कोई फर्क नहीं पड़ता, आखिर में सब ठीक हो जाता है."

बता दें कि ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब फरहान अख्तर ने रणवीर को लेकर 'डॉन 3' अनाउंस की. फ़िल्म की शूटिंग शुरू नहीं हुई तो रणवीर ने धुरंधर की शूटिंग शुरू कर दी और फ़िल्म ज़बरदस्त हिट रही. इस बीच खबर आई कि क्रिएटिव मतभेदों की वजह से रणवीर ने डॉन 3 छोड़ दी. फ़िल्म छोड़ने के बाद फरहान अख्तर ने रणवीर से 40 करोड़ हर्जाने की मांग की. फाइनली फरहान शिकायत लेकर FWICE के पास गए जिसने रणवीर पर बैन लगा दिया. अब रणवीर ने FWICE पर मुकदमा ठोक दिया है.
