सबको हंसाने वाले एक्टर राजपाल यादव (Rajpal Yadav) इस वक्त खुद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. करोड़ों के चेक बाउंस मामले में उन्होंने खुद सरेंडर कर दिया है और अब वो दिल्ली की तिहाड़ जेल (Rajpal Yadav in Tihar Jail) में बंद हैं. चेक बाउंस केस में दिल्ली हाई कोर्ट से राहत न मिलने के बाद जेल जाने से पहले राजपाल यादव ने एक कन्फेशन किया है. उन्होंने कहा, "सर, क्या करूं? मेरे पास पैसे नहीं हैं. और कोई रास्ता भी नहीं दिख रहा… सर, यहां हम सब अकेले हैं. कोई दोस्त नहीं है. मुझे इस मुश्किल से अकेले ही निपटना होगा." ये कन्फेशन करते हुए राजपाल यादव रो पड़े थे. उनका ये बयान अब वायरल हो रहा है और बॉलीवुड के रिश्तों पर सवाल खड़ा कर दिया है. राजपाल यादव के हालात ने उनके फैंस को भी इमोशनल कर दिया है.

राजपाल यादव का ये बयान वायरल होते ही बॉलीवुड से मदद के लिए आवाज उठनी शुरू हो गई है. सबसे पहली पहल सोनू सूद (Sonu Sood stands by Rajpal Yadav) ने किया है. उन्होंने एक ट्वीट कर बताया है कि उन्होंने अपनी अगली फिल्म के लिए राजपाल को साइन (Sonu Sood promises rajpal a role) कर लिया है. सोनू सूद की इस पहल के बाद और लोग भी कॉमेडियन के सपोर्ट के लिए आगे आ रहे हैं.

सोनू सूद ने अपने ट्वीट में लिखा, "राजपाल यादव एक टैलेंटेड एक्टर हैं जिन्होंने कई सालों तक हमारे इंडस्ट्री को यादगार भूमिकाएं दी हैं. कभी-कभी लाइफ अनफेयर हो जाती है, टैलेंट की वजह से नहीं बल्कि समय खराब होता है. राजपाल यादव मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना है कि यह हम सभी के लिए प्रोड्यूसर्स, डायरेक्टर्स और कुलीग के लिए – एकजुट होने का समय है. एक छोटा सा साइनिंग अमाउंट, जिसे भविष्य के काम के बदले एडजस्ट जा सकता है, ये चैरिटी नहीं, बल्कि डिग्निटी है. जब हमारा ही कोई अपना मुश्किल दौर से गुजर रहा हो तो हमें उन्हें ये यह याद दिलाना चाहिए कि वह अकेला नहीं है. इसी तरह हम यह साबित कर सकते हैं कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री से कहीं बढ़कर हैं."

सोनू के इस बड़े कदम के लिए उन्हें लोग सलाम कर रहे हैं और उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं. इतना ही नहीं, सोनू सूद की इस पहल के बाद अलग अलग क्षेत्रों के कई सेलिब्रिटी और बड़े नाम अब राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आ रहे हैं.

बता दें साल 2010 में राजपाल यादव ने अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता पता लापता’ को फाइनेंस करने के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये उधार लिए थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई और एक्टर फाइनांशियल क्राइसिस में फंस गए. बैंक में पैसे न होने की वजह से उनका दिया हुआ चेक भी बाउंस हो गया. राजपाल यादव पर केस हो गया. इस दौरान उनकी बकाया रकम कथित तौर पर बढ़कर लगभग 9 करोड़ हो गई. हालांकि कुछ रकम उन्होंने चुका दी है, लेकिन 5 करोड़ अब भी बकाया है. ये रकम न चुका पाने के कारण उन्हें तिहाड़ जेल के सामने आत्मसमर्पण करना पड़ा है और वो जेल में बंद हैं.
