Close

फिटनेस की चिंता में ना करें त्योहार का मज़ा किरकिरा? (Don’t let concerns about fitness spoil the fun of the festival)

त्योहारों की आहट होते ही हमारे घरों में मिठाइयों की ख़ुशबू, चाट-पकौड़ों का सोंधापन और अपनों की हंसी-ठिठोली का माहौल बनने लगता है. मन है कि पकवान खाने को मचल उठता है. लेकिन दिमाग़ मना करता है कि इतने दिन जिम और एक्सरसाइज़ का क्या फ़ायदा, अगर ये सब ही करना है… और हम मन मसोस कर रह जाते हैं. अक्सर इस आनंद के बीच फिटनेस और कैलोरी की यही चिंता मज़ा किरकिरा कर देती है. अगर आप भी यही करते हैं तो अब नहीं. इस त्योहार का मज़ा किरकिरा ना करें, बल्कि ख़ूब खाएं, पीएं और एंजॉय करें. आइए जानिए कैसे?

त्योहार का वो एक हफ़्ता मनाएं चीट वीक की तरह…
ज़िंदगी का असली मज़ा कभी-कभी बिना किसी प्लानिंग, बिना किसी कैलोरी काउंटिंग और बिना कल क्या होगा सोचे जीने में ही है. पूरे साल तो हम लोग अपने जिम इंस्ट्रक्टर को फॉलो करते ही हैं, लेकिन इतना कमाने का भी क्या फ़ायदा जब मां के हाथ की बनी जलेबी, कचोरी, लड्डू का लुत्फ़ त्योहार पर भी ना उठा सको. किसी के घर जाओ और वहां पकवानों की इतनी भरमार देखकर भी मन मसोस कर रह जाओ, तो क्या ही फ़ायदा ऐसे जीने का. फिर उस मेहनत का क्या फ़ायदा जो पूरे साल की है? शरीर इतना मज़बूत होता है कि वो 4-5 दिन का स्वाद और मस्ती आसानी से संभाल लेता है. ऐसे में क्यों ना साल में एक बार त्योहार आने पर इन बंदिशों की सारी दीवारें तोड़ दें. जो मन कहे, वो करें. जो मन करे, वो खाएं. बिना ये सोचे कि कल फिर कितनी एक्सरसाइज़ करनी पड़ेगी. अरे करनी पड़ेगी तो कर लेंगे. इतना भी क्या सोचना, यही तो मौक़ा है अपनी ज़िंदगी खुल कर जीने का.आज खुलकर स्वाद, कल थोड़ा अनुशासन कर लेना यारो…
इतने टाइम से जिम और डायट फॉलो करने के बाद इतनी प्रैक्टिस तो हो ही जाती है कि बॉडी को डिटॉक्स करना आ जाए. इसलिए बिना सोचे बिना दिमाग़ के घोड़े दौड़ाए प्लेट उठाएं और मज़ेदार पकवानों का मज़ा लें. डिटॉक्स तो कल की बात है, और कल का काम कल पर ही अच्छा लगता है! शरीर की मेमोरी भी कमाल की होती है, जैसे ही आप दो-चार दिन बाद वापस हेल्दी रूटीन शुरू करेंगे, वो तुरंत नॉर्मल मोड में आ जाएगा. इसलिए टेंशन नहीं लेने का यारों, खुलकर एंजॉय करने का.

fitness tips

खाने के साथ किन बातों का ध्यान रखें
वॉटर इनटेक का रखें ख़्यालः यह तो आपको पता ही होगा कि हमारे लिए पानी कितना ज़रूरी है और फिर जब बात खाने में थोड़ी सी चीटिंग करने की हो, तो ये और भी ज़रूरी हो जाता है. जब पेट में मिठाइयां और मसालेदार चीज़ें जा रही हों, तो पानी ही वो सच्चा साथी है, जो डाइजेशन को भारी नहीं होने देता. खीरा, पुदीना, नींबू या अदरक डालकर बनाया गया डिटॉक्स वॉटर स्वाद भी बढ़ा देता है और शरीर को अंदर से तरोताज़ा भी रखता है. इसलिए त्योहारों के दिनों में पानी ज़्यादा से ज़्यादा पीएं. शरीर को डिटॉक्स करने के लिए पानी एक बेहतरीन माध्यम है, यह शरीर के विषाक्त पदार्थों को हमारे सिस्टम से बाहर निकालने में मदद करता है. यानी बिना किसी बंदिश या परहेज़ के स़ि़र्फ पानी का ध्यान रखकर भी त्योहार का मज़ा उठाया जा सकता है. खाओ भी जमकर और हाइड्रेशन भी रखो नंबर वन!

पोर्शन कंट्रोल की ट्रिक अपनाएंः हम खाने को मना नहीं कर रहे, लेकिन ये ना हो कि स्वाद के चक्कर में दो बार का खाना एक बार ही में खा लें, बल्कि कोशिश करें कि जब भी खाएं थोड़ा-थोडा खाएं, जिससे मन भी रह जाए और पेट भी भारी न हो. दरअसल, पोर्शन कंट्रोल का मतलब मन मारना या पसंदीदा चीज़ों को मना करना नहीं है, बल्कि स्मार्ट तरी़के से उनका स्वाद लेना है. जैसे जब भी खाएं, तो प्लेट छोटी ही लें, ताकि उस प्लेट में कम खाना लें. इससे खाने की मात्रा अपने आप नियंत्रित रहती है और मन भी भर जाता है. एक बार में भरपेट खाने की बजाय दिन में तीन-चार बार छोटे पोर्शन में खाने से शरीर को कैलोरी पचाने का पूरा समय मिलता है. हर पकवान का एक-दो निवाला लें, जिससे स्वाद भी पूरा मिले और पेट पर बोझ भी न पड़े.चबाकर खाने के फ़ायदे हज़ारः त्योहारों में मस्ती, धूम धड़ाके के बीच हम जल्दी-जल्दी खाने को निबटा कर एंजॉय करने के लिए उत्सुक रहते हैं. इसका नतीज़ा यह होता है कि बार-बार मन भर कर खाते हैं और उसे बिना चबाए ही जल्द से जल्द निगल कर फिर एंजॉय करने, डांस करने, मौज-मस्ती में लग जाते हैं. इससे पेट फूल जाता है और ब्लोटिंग जैसी अन्य समस्याएं हो जाती हैं. लेकिन खाने का सही तरीक़ा है कि हर निवाले को आठ-दस बार अच्छी तरह चबाकर खाएं.

थोड़ा वर्कआउट भी करेंः अब आप बिल्कुल आलसी भी ना बन जाएं. माना खाने पर रोक नहीं है, लेकिन वर्कआउट पर भी पाबंदी नहीं है. अलग से वर्कआउट न सही, लेकिन शाम को घरवालों के साथ टहलना या त्योहार की तैयारियों में हाथ बंटाना भी डाइजेशन में मदद करता है. खाते ही लेट ना जाएं, बल्कि थोड़ा टहलें, ताकि भोजन को पचने में मदद मिल सके.

फाइबर मतलब डाइजेस्टिव शील्डः अगर आप भारी भोजन के साथ फलों का इनटेक पूरा रखेंगे, तो फाइबर बॉडी में जाता रहेगा और हैवी फूड भी जल्दी से पच जाएगा, इसलिए फाइबर को मील में शामिल करने का यह आइडिया वाकई कमाल का है. भारी और मीठे पकवानों के बीच फल, नट्स और हर्ब्स एक परफेक्ट डाइजेस्टिव शील्ड की तरह काम करते हैं. फाइबर पेट की आंतों में स्पंज की तरह काम करता है. यह भारी, तली-भुनी चीज़ों को आगे खिसकाने और आसानी से पचाने में मदद करता है, जिससे कब्ज़ या भारीपन महसूस नहीं होता. मिठाइयां खाने से शरीर में ब्लड शुगर एकदम से बढ़ता है. लेकिन जब साथ में फलों और नट्स का फाइबर जाता है, तो शुगर का अवशोषण धीमा हो जाता है और एनर्जी बनी रहती है. बादाम, अखरोट या कद्दू के बीज न स़िर्फ सलाद में बढ़िया क्रंच लाते हैं, बल्कि इनमें मौजूद हेल्दी फैट्स और एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को अंदर से तरोताज़ा रखते हैं. पुदीना या तुलसी जैसे हर्ब्स पाचन को और भी दुरुस्त बनाती हैं. इसलिए इन सबको भी अपने डायट में शामिल करें.

नींद के नेचुरल डिटॉक्स को ना भूल जाएंः जब हम मस्ती के मूड में होते हैं, तो समय को भूल ही जाते हैं और रात भर पार्टी करने के चक्कर में अपनी सेहत बिगाड़ लेते हैं. रात को भरपूर नींद लेना बहुत ज़रूरी होता है, क्योंकि सोते समय हमारा लिवर और ग्लाइम्फैटिक सिस्टम (मस्तिष्क और शरीर का सफ़ाई तंत्र) एक्टिव मोड में आकर दिनभर के सारे टॉक्सिन्स को बाहर निकालने का काम करते हैं. हम इसे कैसे भूल सकते हैं. इसलिए त्योहार हो या कुछ भी हो अपनी नींद के साथ कॉम्प्रोमाइज ना करें.
त्योहारों की चहल-पहल और देर रात तक चलने वाली गपशप के बीच अगर हम अपनी नींद पर थोड़ा सा ध्यान दे दें, तो अगले दिन चेहरे पर थकान नहीं, बल्कि त्योहार वाला एक अलग ही ग्लो नज़र आएगा.
– शिखा जैन 
Festival Fitness
Sources: Shutterstock

Share this article