Close

धूप में सिरदर्द को हल्के में न लें, जानें कारण और बचाव (Do not take sunlight headache lightly, know the reasons and prevention)

सिरदर्द को कभी भी साधारण समझकर नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसके पीछे कई कारण ज़िम्मेदार हो सकते हैं.

लक्षणों पर दें ध्यान

कई लोगों को धूप में बाहर निकलते ही सिरदर्द होने लगता है. इसे सामान्य मानकर अनदेखा करना ठीक नहीं है, क्योंकि यह शरीर में असंतुलन का संकेत हो सकता है.

ऐसे में सिर भारी लगना, आंखों में जलन, चक्कर आना, कमज़ोरी, अधिक पसीना आना या धूप में बेचैनी महसूस होना, जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. कुछ मामलों में दिल की धड़कन तेज होना, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई और थकान भी महसूस हो सकती है.

यह भी पढ़ें: नेचुरल होम रेमेडीज- पाएं घुटने के दर्द से आराम (Natural Home Remedies- Get Relief From Knee Pain)

समय पर सावधानी ज़रूरी

जिन लोगों को माइग्रेन की समस्या है, जो डिहाइड्रेशन का शिकार हैं या लंबे समय तक भूखे रहते हैं. उन्हें इसका ज़्यादा ख़तरा रहता है. इसके अलावा बच्चे, बुज़ुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बाहर काम करने वाले लोग भी इससे अधिक प्रभावित हो सकते हैं.

कमज़ोर इम्यूनिटी वाले या पहले से किसी बीमारी से ग्रस्त लोगों को भी यह समस्या जल्दी हो सकती है. इसलिए समय रहते कारण को समझना और सावधानी बरतना बेहद ज़रूरी है.

धूप में सिरदर्द क्यों होता है?

धूप में जाने के बाद सिरदर्द होने के कई कारण हो सकते हैं. तेज धूप और गर्मी शरीर का तापमान बढ़ा देती है, जिससे सिर भारी लगने लगता है और दर्द शुरू हो सकता है.

डिहाइड्रेशन भी एक बड़ा कारण है, क्योंकि पसीने के ज़रिए शरीर से पानी और ज़रूरी मिनरल्स निकल जाते हैं. इसके अलावा तेज रोशनी आंखों पर असर डालती है, जिससे ख़ासकर माइग्रेन के मरीज़ों में सिरदर्द बढ़ सकता है.

खाली पेट धूप में रहने से ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है, जिससे सिरदर्द और बढ़ जाता है.

यह भी पढ़ें: शरीर में कैसे बढ़ाएं हैप्पी हार्मोंस? (Happy Hormones levels In The Body)

कैसे करें बचाव?

- घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिए.

- धूप से बचने के लिए टोपी, स्कार्फ या छाता इस्तेमाल करें.

- आंखों की सुरक्षा के लिए सनग्लास पहनें.

- दोपहर की तेज धूप में बाहर जाने से बचें.

- हल्के और ढीले कपड़े पहनें.

- कभी भी खाली पेट बाहर न निकलें.

- स्नेहा सिंह 

धूप में सिरदर्द

Photo Courtesy: Freepik

Share this article