रिश्तों में प्यार, तकरार, छेड़छाड़, तो कभी अनबन चलती रहती है, लेकिन कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं, जो हमें नज़र तो नहीं आतीं, लेकिन भीतर ही भीतर रिश्तों को कमज़ोर और खोखला कर देती हैं. आज हम इसी विषय पर चर्चा करेंगे.
एक-दूसरे के प्रति ग़लत भावनाएं या सोच बना लेना
कई बार हम अपनों के ही प्रति ग़लत सोच बना लेते हैं, जैसे- इनको तो मेरी परवाह ही नहीं या कितनी स्वार्थी है ये. बस अपने बारे में सोचती है… यही सब शिकायतें हम अपने दोस्तों से तो साझा करते हैं, लेकिन अपने पार्टनर से बात करके ग़लतफ़हमी दूर नहीं करते. यही छोटी-छोटी शिकायतें कब बड़ी बीमारी बन जाती हैं, पता ही नहीं चलता. शिकायतें बढ़ती जाती हैं और रिश्तों में दूरियां भी.
* बेहतर होगा कि जब भी पार्टनर की कोई बात बुरी लगे, उसी समय उसे बता दें और मन की कड़वाहट दूर कर लें.
ईगो को अहमियत देना
कहना आसान है कि ईगो मत रखो, लेकिन ईगो को छोड़ना इतना आसान नहीं. पुरुष इसे अपने आत्मसम्मान से जोड़कर देखते हैं. उनको लगता है कि अगर आज झुक गया, तो मेरी इज़्ज़त कम हो जाएगी और घर में मुझे कैज़ुअली लेने लगेंगे. वहीं महिला इसे अपनी ज़िद समझ लेती है कि वो नहीं झुक रहे, तो भला मैं क्यों झुकूं?
* रिश्तों में झुकने से अगर रिश्ते बेहतर होते हैं, तो झुकने में क्या बुराई है? भले ही आपकी ग़लती न हो, लेकिन अगर आप पहल करते हैं तो पार्टनर को भी एहसास होगा कि उसने ईगो पालकर ग़लत किया.
* कभी ख़ुद आगे बढ़कर कह दें कि चलो बहुत दिन हो गए तुम्हारे मायके ले चलता हूं, मैं भी मम्मी-पापा का आशीर्वाद ले लूंगा या कभी आप कह दें कि आज थके हुए लग रहे हो, चलो तुम्हारी मनपसंद कड़क चाय बनाकर लाती हूं और बालों में मसाज देती हूं. इन सब बातों से बहुत फ़र्क़ पड़ेगा और आपका रिश्ता हेल्दी बनेगा.
चीट करना
ये किसी भी रिश्ते के लिए सबसे ख़तरनाक बीमारी होती है, जो रिश्तों को पूरी तरह से तोड़ देती है. पल भर के आकर्षण के लिए अपने मज़बूत रिश्ते को दांव पर कभी नहीं लगाना चाहिए. अगर कभी आप भटक या बहक भी जाएं, तो अपनी ग़लती फ़ौरन सुधार लें. पार्टनर को ख़बर लग गई हो, तो उनसे माफ़ी मांग लें और अपने रिश्ते को और मज़बूत बनाने की दिशा में तब तक काम करें, जब तक कि पार्टनर को फिर से आप पर भरोसा न हो जाए.
* आपकी सबसे पहली कोशिश तो यही होनी चाहिए कि चीट करने की नौबत ही न आए. कभी कोई आकर्षण हो भी रहा हो, तो अपने पार्टनर को याद करें कि उन्होंने आपके स्ट्रगल के दौर में आपके लिए क्या कुछ नहीं किया.
* अपनी और अपने पार्टनर की फोटो अपने पास हमेशा रखें. समय मिले तो तस्वीर से बात भी करें.
* अपने रूटीन रिश्ते में बदलाव लाएं, जैसे- मूवी, डिनर या वीकेंड पर कहीं बाहर घूमने जाएं. एक साथ ख़रीदारी करें, वॉक पर जाएं. इन सबसे आप उस आकर्षण को दूर कर पाएंगे.
दूसरों की बातों में आने से बचें
हम अक्सर अपने रिश्तों की बातें दूसरों से शेयर करते हैं और उनकी सलाह को गंभीरता से लेते हैं, लेकिन हम नहीं जानते कि सामनेवाला हमारा कितना हितैषी है. अक्सर सामने अच्छा बननेवाले लोग भीतर से कई बार ईर्ष्या की भावना रखते हैं. इसलिए हो सकता है वो सलाह के नाम पर हमको भड़का रहे हों.
* अपने पार्टनर से जुड़ी बातें दूसरों से शेयर करने से बचें, वरना क्या पता आप जिन पर भरोसा करके अपनी निजी बातें बता रहे हैं, वो उसको चटकारे ले-लेकर फैला दें.
एक-दूसरे को पर्सनल वक़्त दें और रोमांस रिवाइव करें
आप कितने भी बिज़ी क्यों न हों, लेकिन पार्टनर के लिए वक़्त ज़रूर निकालें. भले ही घर में बैठें हों, लेकिन मोबाइल या टीवी में बिज़ी रहने से बेहतर होगा कि आप दोनों आपस में बातें करें. साथ-साथ काम करें. एक साथ बैठकर टीवी देखें.
* अपने रिश्ते से सेक्स और रोमांस को ग़ायब न होने दें और न ही उसे रूटीन बनने दें. कुछ नया ट्राई करें. स्पाइस ऐड करें. अननेचुरल सेक्स के लिए पार्टनर को फोर्स न करें. अगर आपकी पार्टनर को पीरियड्स हैं, तो सेक्स पर ज़ोर न दें. पार्टनर को एक-दूसरे के मूड और कंफर्ट का ध्यान पहले रखना चाहिए.
यह भी पढ़ें: अपने रिश्ते के प्रति कितने ज़िम्मेदार हैं आप? (How responsible are you towards your relationship?)
इन मानसिक और शारीरिक बीमारियों पर भी हो नज़र…
आपके रिश्तों पर मेंटल हेल्थ और फ़िज़िकल फिटनेस का भी काफ़ी असर होता है.
– डिप्रेशन या एंज़ाइटी जैसी मानसिक समस्याएं किसी भी रिश्ते को ख़त्म कर सकते हैं. अगर आप या आपका पार्टनर किसी भी मेंटल प्रॉब्लम से जूझ रहे हैं, तो उसे इग्नोर न करें और न ही यह सोचें कि लोग क्या सोचेंगे. बेहतर होगा आप समस्या का इलाज करवाएं.
– इसी तरह सेक्सुअली ट्रांसमिटेड डिज़ीज़ को न तो नज़रअंदाज़ करें और न ही छुपाएं. समय रहते इलाज करवाएं.
– कोई अन्य सेक्सुअल प्रॉब्लम हो, तो उस पर भी एक्सपर्ट की सलाह लें.
– पर्सनल हाइजीन का ख्याल रखें.
– हेल्दी डायट और लाइफस्टाइल अपनाने पर ज़ोर दें.
– गीता शर्मा

Sources: Shutterstock
