“नहीं.. नहीं.. तुम ऐसा कैसे कह सकते हो!” कहते हुए आंसुओं का एक पर्दा मेरी आंखों पर छा गया और तुम्हारी आंखों में झांक पाना असंभव हो गया मेरे लिए.
उस शाम बातों- बातों में पूछ लिया था तुमसे, “कितना प्यार करते हो मुझसे?”
“बहुत”, सपाट सूनी आंखों से मुस्कुरा कर तुमने बोला था और मेरा हाथ पकड़ कर मुझे अपने पास बैठा लिया था. न जाने क्यों उन आंखों में झांकते ही घबरा गई थी मैं. ये आंखें अनजान लग रही थीं.
मेरे प्यार का महल जो इन आंखों मे दिखा करता था वो खंडहर होकर ज़मींदोज होने को तैयार था.मैंने तुमसे पूछा, “इसकी ये हालत कैसे हो गई.”
तुमने कहा, “नहीं, सब ठीक है, तुम्हारी ग़लतफ़हमी है, देखो महल वैसा ही है. शायद तुम्हारी ही निगाहें बदल गई हैं, सच बताओ , क्या हो गया?”
“नहीं.. नहीं.. तुम ऐसा कैसे कह सकते हो!” कहते हुए आंसुओं का एक पर्दा मेरी आंखों पर छा गया और तुम्हारी आंखों में झांक पाना असंभव हो गया मेरे लिए.
उस दिन के बाद फिर दोबारा जब भी हम मिले मैंने तुम्हारी आंखों पर कई पर्दे लगे पाए. जब भी उन पर्दों को उठाने की कोशिश की तुमने मजबूरियों का वास्ता देकर हर बार रोक दिया. परउस दिन.. उस दिन हवा के झोंके से थोड़ी देर के लिए पर्दे खुल गए थे. तूफ़ानी हवा थी, चाहकर भी तुम रोक नही पाए और मैंने देखा… मेरे महल की जगह केवल एक ढेर पड़ा है… उपेक्षित सा… एक तरफ़! पर्दे खुल चुके थे, मगर तुम्हें अफ़सोस हो इस मंजर पर, ऐसा लगा नहीं. तुमने फिर बादलों को मेरी आंखों में बुलाने की कोशिश की, ताकि पूरा परिदृश्य छिप जाए मेरी निगाहों से… लेकिन बादल नही आए… तूफ़ानी हवाएं बहुत तेज थीं न!महल तो टूट कर बिखर चुका था, लेकिन कहीं कुछ और भी टूटने-गिरने की आवाज़ गूंज रही थी.
-मेघा राठी
अधिक कहानियां/शॉर्ट स्टोरीज़ के लिए यहां क्लिक करें – SHORT STORIES
