Close

नेल‌ केयर: मॉनसून में नाख़ूनों को यूं रखें ख़ूबसूरत व हेल्दी (Nail Care: Keep your nails beautiful and healthy during the monsoon)

बारिश के मौसम की नमी आपकी त्वचा के लिए भले ही फ़ायदेमंद हो, लेकिन नाख़ूनों के लिए यह सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है. आइए, नेल केयर‌ के‌ ज़रिए नाख़ूनों को ब्यूटीफुल और हेल्दी रखने ट्रिक्स के बारे में जानें.

नेल‌ केयर

अचानक होने वाली बारिश, बार-बार हाथ धोना और लगातार बनी रहने वाली चिपचिपी नमी के कारण नाख़ून कमज़ोर हो सकते हैं, नेल पॉलिश जल्दी उतर सकती है और फंगल इंफेक्शन का ख़तरा भी बढ़ जाता है.

अच्छी बात यह है कि इसके लिए बार-बार ब्यूटी पार्लर जाने की ज़रूरत नहीं है. यदि आप नेल एक्सपर्ट्स द्वारा अपनाई जाने वाली कुछ आसान प्रोफेशनल ट्रिक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लें तो पूरे मॉनसून आपके नाख़ून स्वस्थ, मज़बूत और चमकदार बने रह सकते हैं. इसके‌ लिए लैक्मे एकेडमी पावर्ड बाय एप्टेक सैलून एक्सपर्ट्स ने‌ कई महत्वपूर्ण टिप्स बताएं.

Nail Care Tips

'कैप द एज' तकनीक से अपने मैनीक्योर को दें अतिरिक्त सुरक्षा

मॉनसून में नेल पॉलिश जल्दी उखड़ने का सबसे बड़ा कारण यह है कि नाख़ूनों के किनारों (फ्री एज) को सुरक्षित नहीं किया जाता. प्रोफेशनल नेल आर्टिस्ट हमेशा नेल पॉलिश और टॉप कोट की एक पतली परत नाख़ून के किनारे पर भी लगाते हैं. इसे 'कैप द एज' तकनीक कहा जाता है. इससे नाख़ूनों पर एक सुरक्षात्मक परत बन जाती है और आपकी नेल पॉलिश नमी तथा रोज़मर्रा के इस्तेमाल के बावजूद अधिक समय तक टिकी रहती है.

गीले नाख़ूनों पर कभी नेल पॉलिश न लगाएं

नाख़ून ऊपर से सूखे दिखाई दें, फिर भी उनमें हल्की नमी रह सकती है. ऐसे में नेल पॉलिश ठीक से नहीं टिकती. इसलिए बेस कोट लगाने से पहले सुनिश्चित करें कि नाख़ून पूरी तरह सूख गई हो और उन पर तेल, क्रीम या लोशन का कोई अवशेष न हो. यह छोटी सी तैयारी आपकी नेल पॉलिश को लंबे समय तक बरकरार रखने में मदद करती है.

यह भी पढ़ें: मॉनसून ब्यूटी कैलेंडर (Monsoon Beauty Calender)

बरसात में रखें शॉर्ट आल्मंड या स्क्वोवल शेप

लंबे नाख़ून देखने में आकर्षक लगते हैं, लेकिन बारिश के मौसम में उनमें नमी जमा होने और टूटने की संभावना अधिक रहती है. इसलिए प्रोफेशनल्स इस मौसम में शॉर्ट आल्मंड या स्क्वोवल (स्क्वायर और ओवल का मिश्रित आकार) नेल शेप अपनाने की सलाह देते हैं. ये न सिर्फ़ केयर करने‌ में आसान होते हैं, बल्कि कम टूटते हैं और कैजुअल से लेकर ऑफिस लुक तक हर अवसर पर अच्छे लगते हैं.

जेल मैनीक्योर के बीच अपने प्राकृतिक नाख़ूनों को दें आराम

लगातार जेल पॉलिश या एक्रिलिक एक्सटेंशन करवाने से नाख़ूनों में होने वाली शुरुआती समस्याएं आसानी से नज़र नहीं आतीं. इसलिए विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि कुछ समय बाद जेल मैनीक्योर से ब्रेक ज़रूर ले लिया करें. इससे प्राकृतिक नाख़ूनों को दोबारा मज़बूत होने का समय मिलता है और रंग बदलना, नाख़ून पतले होना या फंगल इंफेक्शन जैसे शुरुआती संकेत भी समय रहते दिखाई दे जाते हैं.

Nail Care Tips

अपनी वर्क डेस्क पर हमेशा रखें क्यूटिकल ऑयल

अधिकतर लोग हाथों पर मॉइश्चराइज़र तो लगाते हैं, लेकिन क्यूटिकल्स की देखभाल करना भूल जाते हैं. जबकि नेल एक्सपर्ट्स के अनुसार क्यूटिकल ऑयल नाख़ूनों को हेल्दी रखने का सबसे आसान तरीक़ा है. दिन में दो या तीन बार इसकी एक-एक बूंद लगाने से क्यूटिकल्स हाइड्रेटेड रहते हैं, उनके आसपास की त्वचा नहीं छिलती और नाख़ूनों की स्वस्थ रूप से बढ़ने में भी मदद मिलती है.

नए नेल कलर्स की बजाय अच्छी क्वालिटी के बेस कोट पर करें निवेश

एक ख़ूबसूरत मैनीक्योर की शुरुआत नेल कलर से नहीं, बल्कि अच्छे बेस कोट से होती है. प्रोफेशनल ग्रेड बेस कोट नाख़ूनों को दाग़-धब्बों से बचाता है, नेल पॉलिश की पकड़ मज़बूत करता है और कमज़ोर नाख़ूनों को अतिरिक्त मज़बूती भी देता है. इसलिए इस मॉनसून यदि किसी एक नेल प्रोडक्ट में निवेश करना हो, तो नए नेल कलर की बजाय एक बेहतरीन बेस कोट चुनें.

ख़तरे के संकेतों को समय रहते पहचानें

बारिश के मौसम में कई लोग नाख़ूनों की समस्या को नई नेल पॉलिश लगाकर छिपाने की कोशिश करते हैं, जो सही नहीं है. यदि नाख़ूनों का रंग लगातार पीला पड़ रहा हो, उन पर सफ़ेद धब्बे दिखाई दें, वे मोटे होने लगें या उनमें से असामान्य गंध आए, तो यह फंगल इन्फेक्शन का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में तुरंत नेल पॉलिश हटा दें और समस्या छिपाने की बजाय त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें.

यह भी पढ़ें: मॉनसून के लिए सुपर इफेक्टिव फेस पैक (Super Effective Face Pack For Monsoon Beauty)

स्वस्थ नाख़ून ही सबसे ख़ूबसूरत होते हैं

ख़ूबसूरत मैनीक्योर की शुरुआत ट्रेंडी नेल कलर्स या आकर्षक नेल आर्ट से नहीं, बल्कि स्वस्थ नाख़ूनों से होती है. इसलिए मॉनसून में नेल केयर पर ध्यान दें. सही तरीक़े से नाख़ून तैयार करना, अच्छे उत्पादों का चुनाव करना और समय-समय पर अपने प्राकृतिक नाख़ूनों को आराम देना जैसी छोटी-छोटी आदतें आपके नाख़ूनों को लंबे समय तक मज़बूत, स्वस्थ और आकर्षक बनाए रखेंगी.

चाहे आपको ग्लॉसी न्यूड नेल्स पसंद हों, क्लासिक फ्रेंच टिप्स या फिर स्टाइलिश नेल आर्ट यदि आपके नाख़ून स्वस्थ हैं तो वही आपकी सबसे ख़ूबसूरत पहचान बनेंगे.

Nail Care Tips

Photo Courtesy: Freepik

Share this article